
जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए कोहनी से मारा, एक युवक अस्पताल में भर्ती
बांकेगंज खीरी। जिला लखीमपुर खीरी के थाना मैलानी के अंतर्गत बांकेगंज पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवक को पुलिस ने इतना मारा कि उसको अस्पताल मेें भर्ती कराने की नौबत आ गयी । हालांकि चौकी परिसर में पुलिस द्वारा युवकों को मारने की घटना दोपहर में हुई थी किन्तु जब शाम को पीटे गये एक युवक की तबीयत ज्यादा खराब हो गयी तब उसको रात्रि 9 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांकेगंज में भर्ती कराया गया । मौके पर स्थानीय पुलिस बल के साथ क्षेत्राधिकारी गोला मौजूद हैं । युवक की स्थिति काफी गम्भीर है ।

मामले की शुरूआत बांकेगंज मार्केट से हुई जहां पर रायपुर के रहने वाले भूपेंद्र कुमार पुत्र स्व सुंदरलाल व शोभित गौतम पुत्र प्रहलाद बैंक में रूपये निकालने गये हुए थे कि वापस आते समय बांकेगंज में राधा-कृष्ण मंदिर के तिराहे गोला रोड की ओर बढ़ने पर मोहित नाम के युवक के ठेले में साइकिल टकरा गयी जिससे कि मोहित का नाम लिखा एक बोर्ड टूट गया । उसके बाद मोहित ने दोनों को मारना शुरू कर दिया । मारपीट होते देख लोगों ने बीच-बचाव करवाया ।
उसके बाद युवक ने अपने घर सूचना दी जहां से अनूप, भूपेंद्र, शेरसिंह व सुधीर, रजनीश आदि चौकी पर शिकायत करने गये हुए थे । पीडितों का आरोप है कि वहां के चौकी के दीवान राना ने जातिसूचक गालियां देते हुए सभी को बुरी तरह से पीटा । जिसमें भूपेंद्र नाम के युवक को काफी चोटे आयी व मुंह से ब्लड आ गया । भूपेंद्र को घायल अवस्था में घर भेज दिया गया और भूपेंद्र के भाई शेरसिंह पर दबाव बनाकर समझौता करा दिया गया ।
वही जब रात्रि 9 बजे भूपेंद्र की तबीयत ज्यादा खराब हो गयी तो उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया । जहां पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया । हंगामा होते देख रात्रि में ही सीओ राजेश कुमार यादव के साथ कुकरा पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया । वहीं सीओ गोला राजेश कुमार मीडिया के कैमरे के सामने बचते नजर आ रहे हैं। फ़िलहाल पीड़ितों ने रात्रि में ही तहरीर लिखकर सीओ को दे दी है












