
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में गहराते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी उछाल का सीधा असर अब आम आदमी की जेब पर पड़ने लगा है। देश की प्रमुख विमानन कंपनी एयर इंडिया (Air India) ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह की उड़ानों पर ‘फ्यूल सरचार्ज’ (ईंधन अधिभार) बढ़ाने का बड़ा एलान कर दिया है। कंपनी के इस फैसले के बाद अब हवाई सफर करना पहले के मुकाबले काफी महंगा हो जाएगा।
12 मार्च से लागू होंगी नई दरें, घरेलू उड़ानों पर सीधा असर
एयर इंडिया द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जेट फ्यूल (ATF) की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी के कारण कंपनी ने चरणबद्ध तरीके से किराए में इजाफा करने का निर्णय लिया है। इसके तहत आगामी 12 मार्च से सभी घरेलू टिकटों पर 399 रुपये का नया सरचार्ज लागू कर दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय रूटों पर भी भारी बढ़ोतरी की गई है। एयरलाइन का कहना है कि वैश्विक हालात और सप्लाई चेन में आई दिक्कतों के चलते यह कदम उठाना उनकी मजबूरी बन गया है। कंपनी ने यात्रियों को होने वाली इस असुविधा पर खेद जताया है, लेकिन स्पष्ट किया कि मौजूदा आर्थिक दबाव के कारण इसे टालना संभव नहीं था।
Air India to levy Rs 399 fuel surcharge on domestic flight tickets from March 12 due to steep rise in jet fuel prices: Statement.
Air India to hike fuel surcharge on international flight tickets: Statement. pic.twitter.com/FmMdK9uWVL
— Press Trust of India (@PTI_News) March 10, 2026
इंटरनेशनल रूट्स पर कितना बढ़ा बोझ? यहां देखें पूरा गणित
एयर इंडिया ने चेतावनी दी है कि यदि फ्यूल सरचार्ज नहीं बढ़ाया जाता, तो कई रूटों पर फ्लाइट्स का संचालन करना घाटे का सौदा साबित होता, जिससे उड़ानें रद्द करने की नौबत आ सकती थी। नई दरों के अनुसार, मिडिल ईस्ट जाने वाले यात्रियों को अब 10 डॉलर (लगभग 918.53 रुपये) अतिरिक्त देने होंगे। वहीं, साउथ ईस्ट एशिया रूट पर यह बढ़ोत्तरी 20 से 60 डॉलर (करीब 1,836.55 से 5,509.64 रुपये) के बीच होगी। सबसे तगड़ा झटका अफ्रीका जाने वाले यात्रियों को लगा है, जहां सरचार्ज 30 से 90 डॉलर (करीब 2,755.46 से 8,265.76 रुपये) तक बढ़ा दिया गया है। एयरलाइन का कहना है कि बाजार की स्थिति को देखते हुए इन दरों की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी।
Air India group today announced a phased expansion of a fuel surcharge on its domestic and international routes, necessitated by the steep rise in jet fuel prices arising from the geopolitical situation in the Gulf region.
The new fuel surcharges are being implemented in three… pic.twitter.com/jLtA5r3eXT
— ANI (@ANI) March 10, 2026
टाटा की इस एयरलाइन ने दी राहत, नहीं बढ़ेंगे दाम
महंगाई के इस दौर में यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर भी है। टाटा ग्रुप की ही लो-कॉस्ट एयरलाइन ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ ने फिलहाल किसी भी तरह का सरचार्ज न लगाने का फैसला किया है। इससे बजट यात्रियों को थोड़ी राहत मिल सकती है। जानकारों का कहना है कि मार्च 2026 से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोत्तरी हुई है। एयरलाइंस के कुल संचालन खर्च का लगभग 40% हिस्सा केवल ईंधन पर खर्च होता है। दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में ऊंचे टैक्स और वैट (VAT) के कारण एयरलाइंस की चुनौतियां और बढ़ गई हैं, जिसका खामियाजा अब यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।












