रिश्ते शर्मसार! दिव्यांग युवती से दरिंदगी पर बड़ा खुलासा,17 लोगों के हुए DNA टेस्ट, पिता ही निकला हैवान

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से इंसानियत और रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी की रूह कांप जाए. यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 20 वर्षीय दिव्यांग बेटी को अपनी हवस का शिकार बना डाला. बेटी न तो बोल सकती है और न ही सुन सकती है. जब पीड़िता पांच महीने की गर्भवती हो गई, तब इस घिनौने अपराध का पर्दाफाश हुआ. डीएनए रिपोर्ट में जब गर्भ में पल रहे भ्रूण का मिलान पिता से हुआ, तो पुलिस ने हैवान पिता को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

पेट दर्द की शिकायत पर खुला राज

यह दिल दहला देने वाला मामला साउथ मुंबई के पॉश कफ परेड इलाके का है. पुलिस के अनुसार, पिछले साल सितंबर महीने में पीड़िता ने अपनी दादी से पेट में अजीब सी हलचल होने की शिकायत की. उसने इशारों-इशारों में बताया कि ऐसा महसूस हो रहा है जैसे पेट में कीड़े चल रहे हैं. परिवार वाले उसे कामा अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद जो सच सामने आया, उसने सबके पैरों तले जमीन खिसका दी. डॉक्टरों ने बताया कि युवती करीब पांच महीने की गर्भवती है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने फौरन कफ परेड पुलिस को सूचित किया.

पुलिस को गुमराह करता रहा शैतान पिता

शुरुआत में अपनी शारीरिक और मानसिक स्थिति के कारण पीड़िता बयान देने में असमर्थ थी. इसका फायदा उठाकर आरोपी पिता ने पुलिस को गुमराह करने की पूरी कोशिश की. उसने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी जन्म से ही ऐसी है और उसने किसी भी तरह के यौन शोषण की संभावना से साफ इनकार कर दिया. यहां तक कि उसने खुद बेटी की तरफ से कोई भी शिकायत दर्ज कराने से मना कर दिया. हालांकि, पुलिस ने जब पीड़िता की काउंसलिंग कराई तो उसने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के लिए सहमति दे दी.

डीएनए रिपोर्ट ने खोला हैवानियत का सच

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की, जिसमें सहमति देने में असमर्थ महिला से दुष्कर्म और दिव्यांग व्यक्ति के यौन शोषण जैसी धाराएं शामिल थीं. पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए 17 से ज्यादा संदिग्धों के खून के नमूने लिए और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया. सबसे अहम सबूत के तौर पर भ्रूण का सैंपल भी डीएनए टेस्ट के लिए भेजा गया. 27 जनवरी 2026 को फॉरेंसिक लैब से आई रिपोर्ट ने पूरे केस की तस्वीर साफ कर दी. रिपोर्ट ने पुष्टि की कि भ्रूण का डीएनए किसी और से नहीं, बल्कि पीड़िता के 50 वर्षीय पिता से ही मेल खाता है. इस अकाट्य सबूत के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया.

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच के दौरान पहले भी एक 34 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति और एक 17 साल के नाबालिग को पकड़ा जा चुका है. अब मुख्य आरोपी यानी पिता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस घिनौने अपराध में और कितने लोग शामिल थे.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

35 − = 31
Powered by MathCaptcha