
जनपद मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एकतरफा प्यार में पागल 12वीं के छात्र ने महिला शिक्षिका पर सरेआम हमला कर दिया। आरोपी ने पहले गली में जबरन टीचर के साथ झड़प की, फिर गले और कंधे में हाथ डालकर उसे जबरन घुमाता रहा। जब शिक्षिका ने विरोध किया तो आरोपी ने हैवानियत दिखाते हुए उसके होंठ पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गयी और आरोपी छात्र जघन्य वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
यह सनसनीखेज वारदात 26 जनवरी की शाम की बताई जा रही है, लेकिन इसका 3 मिनट 26 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज 4 फरवरी को सामने आया, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। फुटेज में छात्र गली में महिला शिक्षिका के साथ जबरदस्ती करता, पीछा करता और हाथ पकड़कर घसीटता साफ नजर आ रहा है। आरोप है कि आरोपी ने पहले जबरन होंठों को छूने का प्रयास किया और फिर अपने मुँह से चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में पीड़िता के ऊपरी और निचले होंठ बुरी तरह कटकर जख़्मी हो गए, जिससे उन्हें आजीवन शारीरिक और मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ेगी।

स्कूल में शुरू हुई थी प्रताड़ना
बताया जा रहा है कि पीड़िता शहर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं, जहां आरोपी 17 वर्षीय छात्र 12वीं कक्षा में पढ़ता था। छात्र शिक्षिका से एकतरफा प्यार करने लगा और स्कूल में ही अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। इसकी शिकायत शिक्षिका ने स्कूल प्रशासन से की थी। पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में आरोपी छात्र की मां को भी इसकी जानकारी दी गई थी, जिसने बेटे को समझाने का आश्वासन दिया था। कुछ समय तक हालात सामान्य रहे, लेकिन बाद में छात्र ने फिर से शिक्षिका का पीछा करना, रास्ता रोकना और दबाव बनाना शुरू कर दिया।

नौकरी छोड़ने के बाद भी नहीं छोड़ा पीछा
छात्र की हरकतों से परेशान होकर शिक्षिका ने 15 जनवरी को स्कूल की नौकरी छोड़ दी और दो दिन बाद दूसरे निजी स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। स्कूल आते-जाते समय वह धमकाने लगा और जबरन साथ चलने का दबाव बनाता रहा।

गली में हमला, जान से मारने की धमकी
26 जनवरी की शाम शिक्षिका एक छात्र को पढ़ाने उसके घर जा रही थीं, तभी आरोपी रास्ते में मिला। सीसीटीवी में दिख रहा है कि आरोपी चलते-चलते बातचीत करता है, फिर कंधे पर हाथ रखकर जबरन साथ चलने को कहता है। शिक्षिका हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी दौड़कर उसे पकड़ लेता है।वीडिओ के अनुसार इसी दौरान उसने अपने मुँह से उसके होंठ पर काटकर वार कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
हालत गंभीर, आगरा में इलाज जारी
हमले में शिक्षिका के होंठ बुरी तरह कट गए। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां प्लास्टिक सर्जन उपलब्ध न होने के कारण शिक्षिका को आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मुकदमा दर्ज जल्द होगी आरोपी की गिरफ्तारी
मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह ने बताया मामले में आरोपी छात्र के खिलाफ एक फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी घर से फरार है, उसकी तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। पीड़िता का इलाज आगरा में चल रहा है।
यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि एकतरफा प्यार किस हद तक खौफनाक रूप ले सकता है। अब सभी की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आरोपी को कब तक गिरफ्तार किया जाता है।










