जीएसटी टीम की छापेमार कार्यवाही की सूचना सुन दुकानों के धड़ाधड़ गिरे शटर

भास्कर समाचार सेवा।
आगरा। आगरा के बरहन क्षेत्र के बाजारों में जीएसटी टीम की छापा मारने की खबर से क्षेत्र के दुकानदारों ने आनन फानन में अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। छापामार टीम नहीं आने की जानकारी मिलने पर व्यापारियों ने राहत की सांस ली। तीन घंटे तक बरहन बाजार पूरी तरह से बंद रहा। व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पिछले एक हफ्ते जीएसटी विभाग द्वारा लगातार छापामार कार्यवाही से व्यापारी डरे हुए हैं।

व्यापारियों को बुधवार दोपहर सूचना मिली कि जीएसटी विभाग की टीम बाजार में छापा मारने आ रही है। ये सुनकर व्यापारियों में हड़कंप मच गया । छापेमारी की ये अफवाह पूरे बरहन क्षेत्र में आग की तरह फैलती चली गई। डरे और सहमे व्यापारियों ने जीएसटी टीम के छापेमार कार्यवाही के डर से देखते ही देखते सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए।। बरहन और अहारन क्षेत्र के व्यापारियों ने दुकानों को बंद कर दिया। बाजार में खरीदारी कर रहे लोगों के बीच भी अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में बाजारों में सन्नाटा पसर गया। काफी देर बाद व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों को जानकारी हुई कि जीएसटी की कोई टीम छापेमारी के लिए नहीं आई है। ये महज एक अफवाह थी। ये सुनकर क्षेत्रीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली। उसके बाद सभी व्यापारियों ने अपनी अपनी दुकानों को खोलकर बिक्री शुरू की।

खबरें और भी हैं...