लुटेरों से भिड़ने वाली रिया को एसएसपी ने किया सम्मानित

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। कुंडल छीनकर भाग रहे बदमाशों से भिड़ने वाली बहादुर बेटी को एसएसपी ने सम्मानित किया है। सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने सराहना करते हुए कहा, वे जब भी मेरठ आएंगे, बहादुर लड़की से जरूर मिलेंगे। सोमवार को सपाइयों ने क्षेत्रीय चौकी इंचार्ज का फूल माला पहनाकर सम्मान किया।

गौरतलब है, मोदीनगर निवासी रिया दो दिन पूर्व अपनी दादी संग लालकुर्ती आयी थी। वापस लौटते समय बाइक सवार दो बदमाशों ने दादी के कानों से कुंडल लूट लिए। यह देख रिया बदमाशों से भिड़ गई और कुंडल छीन लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मात्र 6 घंटे में ही पुलिस ने बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को सपाइयों ने मोदीनगर जाकर रिया को सम्मानित किया था। सोमवार को एसएसपी रोहित सिंह साजवाण ने बहादुर बेटी को पुरस्कृत किया।

बहादुर बिटिया से मिलेंगे शिवपाल सिंह यादव
सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने बहादुर बेटी रिया की सराहना की। कहा, जब भी वह मेरठ आएंगे, रिया से जरूर मिलेंगे। सपा नेता शैंकी वर्मा राजपूत ने मुख्यमंत्री से रिया के लिए सरकारी नौकरी और पढ़ाई के खर्च को उठाने की मांग की। सोमवार को सपाइयों ने क्षेत्रीय चौकी इंचार्ज सुरजीत सिंह को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर जीशान अहमद, जीतू नागपाल, कामिल, शाहबाज, सोनू, अनी, लकी सेठी आदि रहें।

खबरें और भी हैं...