
खंडवा/जावर : मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से अंधविश्वास और जालसाजी की एक ऐसी रूह कंपा देने वाली कहानी सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक दुखियारे दंपति को बच्चा खोने के गम से उबारने का झांसा देकर एक ढोंगी बाबा और उसके साथी ने न केवल श्मशान में तांत्रिक क्रियाएं कीं, बल्कि नशीला पदार्थ पिलाकर उनकी जीवनभर की पूंजी भी साफ कर दी। पुलिस ने अब इस ‘मायाजाल’ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चा खोने का गम और ‘पंकज’ की एंट्री: शुरू हुआ साजिश का खेल
घटना की शुरुआत जावर थाना क्षेत्र के एक परिवार की त्रासदी से हुई। पीड़िता ने बताया कि 1 जनवरी को डिलीवरी के दौरान उसका बच्चा पेट में ही शांत हो गया, जिसके बाद से परिवार मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। इसी मजबूरी का फायदा उठाने के लिए 20 जनवरी को ‘सैलानी बाबा’ दरगाह के पास पति का पुराना परिचित पंकज नाथ (निवासी कोठरा) मिला। पंकज ने बातों-बातों में परिवार पर भूत-प्रेत का साया होने का डर बैठाया और बैतूल के एक स्वयंभू बाबा से मिलवाने का जाल बुना।
आधी रात को श्मशान में ‘हंडी’ वाली पूजा: 35 हजार की पहली चोट
पाखंडी बाबा और पंकज ने सबसे पहले 31 जनवरी को पति को हंडिया (हरदा) स्थित नर्मदा किनारे श्मशान घाट बुलाया। रात के करीब 3 बज रहे थे, जब श्मशान के सन्नाटे में बाबा ने तंत्र-मंत्र शुरू किया। एक हंडी में 35 हजार रुपये रखवाए गए और धूप-अगरबत्ती का धुआं कर उसे लाल कपड़े में बांध दिया गया। बाबा ने दावा किया कि सवा महीने तक इस हंडी को अलमारी में रखकर पूजा करने से सारी बलाएं टल जाएंगी। मासूम पति बाबा के इस खतरनाक खेल को समझ नहीं पाया और घर लौट आया।
ननद-भाभी को पिलाया नशीला पदार्थ, घर में रखे लाखों रुपये पार
ठगी की सबसे घिनौनी वारदात तब हुई जब पंकज और बाबा पीड़िता के घर पहुंचे। घर में ननद भी मौजूद थी। बाबा ने इलाज के नाम पर दोनों महिलाओं को भभूत खिलाई और पानी में मंत्र फूंककर कुछ नशीला पदार्थ पिला दिया। नशा होते ही बाबा ने घर में रखे सारे रुपये मंगवाए। पीड़िता ने ननद से घर की छत डलवाने के लिए उधार लिए 1 लाख रुपये बाबा को दे दिए। बाबा ने ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर रुपयों की पोटली अपनी झोली में रख ली और दो दिन में वापस करने का वादा कर फरार हो गया।
अनहोनी का डर और 2.30 लाख की महाठगी
आरोपियों की भूख यहीं शांत नहीं हुई। 17 फरवरी को पंकज ने फोन पर बच्चे की मौत और परिवार के साथ अनहोनी होने की धमकियां देकर डराना शुरू किया। डर के मारे दंपति ने 95 हजार रुपये ऑनलाइन भी ट्रांसफर कर दिए। इस तरह किश्तों में कुल 2 लाख 30 हजार रुपये हड़प लिए गए। जब ठगी का एहसास हुआ, तो दंपति ने जावर थाने में आपबीती सुनाई। थाना प्रभारी श्याम सिंह भादले ने बताया कि आरोपी पंकज नाथ और मोबाइल धारक बाबा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।











