
नूर महल में भाजपा प्रत्याशी से पूर्व मंत्री की मुलाकात, समर्थक भी रहे मौजूद
भास्कर समाचार सेवा
रामपुर। उप चुनाव में पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को हराने के लिए सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना का खुलकर समर्थन कर दिया है।
भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना शुक्रवार देर रात्रि पूर्व मंत्री नवेद मियां के आवास नूर महल पहुंचे थे। गन्ना विकास परिषद के पूर्व चेयरमैन बाबर अली खां समेत नवेद मियां के तमाम समर्थक भी वहां मौजूद थे। लगभग दो घंटे तक हुई चर्चा के बाद नवेद मियां ने आकाश सक्सेना के समर्थन की घोषणा कर दी। देर रात्रि इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी थीं।
पूर्व मंत्री ने पीआरओ काशिफ खां ने नूर महल में हुई इस मुलाकात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रामपुर के विकास और भाईचारे के लिए नवेद मियां ने आकाश सक्सेना को समर्थन दिया है। चुनावी मैदान में सपा और भाजपा के अलावा कोई अन्य राजनीतिक दल नहीं है और यह सब जानते हैं कि नवेद मियां द्वारा आजम खां के प्रत्याशी को समर्थन नहीं दिया जा सकता, इसलिए उनके द्वारा आकाश सक्सेना को जिताने के लिए कार्य किया जाएगा।उन्होंने बताया कि आकाश सक्सेना के विधायक बनने से रामपुर के लोगों के लिए रोजगार, खुशहाली और विकास के द्वार खुलेंगे।
नवेद मियां ने लोगों से अपील की है कि रामपुर के विकास और भाईचारे के लिए आकाश सक्सेना के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल का विधायक चुनने से शहर के लोगों को राहत मिलेगी।













