T20 World Cup: आखिर कैसे भारत के खिलाफ खेलने को राजी हुआ पाकिस्तान? मोहसिन नकवी अब खोला राज

लाहौर: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले क्रिकेट जगत में मचा घमासान अब शांत होता नजर आ रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले के बहिष्कार (Boycott) की धमकी पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान नकवी ने साफ किया कि पाकिस्तान अब 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान पर उतरेगा। उन्होंने खुलासा किया कि भारत के खिलाफ मैच छोड़ने की धमकी किसी ‘निजी दुश्मनी’ के कारण नहीं, बल्कि बांग्लादेश के साथ हुए कथित ‘अन्याय’ के विरोध में दी गई थी।

बांग्लादेश के समर्थन में लिया था कड़ा स्टैंड: मोहसिन नकवी

मोहसिन नकवी ने बताया कि हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और ICC अधिकारियों के साथ हुई बैठक में पाकिस्तान ने मजबूती से अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा, “हमारा मकसद केवल यह सुनिश्चित करना था कि बांग्लादेश के साथ जो व्यवहार हुआ, उसे सुधारा जाए। यह कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं था।” नकवी के अनुसार, जब ICC ने बांग्लादेश की मांगों को स्वीकार कर लिया और यह मान लिया कि उनके साथ निष्पक्ष व्यवहार नहीं हुआ था, उसके बाद ही पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच खेलने की हरी झंडी दी।

क्या था विवाद: स्कॉटलैंड की एंट्री और मुस्तफिजुर पर एक्शन

यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब ICC बोर्ड की वोटिंग के बाद बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। इसके पीछे सुरक्षा कारणों और बीसीसीआई (BCCI) द्वारा आईपीएल से मुस्तफिजुर रहमान को हटाए जाने जैसे घटनाक्रमों को जोड़कर देखा जा रहा था। पाकिस्तान ने ICC पर ‘डबल स्टैंडर्ड’ का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह इस भेदभाव के खिलाफ भारत के साथ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगा।

ICC के साथ बैठक के बाद सुलझा मामला

विवाद बढ़ता देख ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा ने लाहौर में मोहसिन नकवी से मुलाकात की थी। इस अहम बैठक के बाद यह तय हुआ कि बांग्लादेश पर किसी भी प्रकार का जुर्माना या प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। नकवी ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान अब इस मामले को पीछे छोड़ चुका है। उन्होंने कहा, “जब हमारी मांगें मान ली गईं, तो अब बहिष्कार का कोई औचित्य नहीं रह जाता।” इस फैसले के बाद क्रिकेट प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि अब 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच चिर-प्रतिद्वंद्वी जंग देखने को मिलेगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

+ 78 = 85
Powered by MathCaptcha