फंदे पर लटका मिला किशोर, लगाया हत्या का आरोप

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। 15 वर्षीय किशोर देर रात फांसी के फंदे पर लटका मिला। जिंदगी की आस लेकर परिजन किशोर को चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन उसको मृत घोषित कर दिया। मुदस्सिर नाम के युवक पर हत्या का आरोप लगाया गया है। आरोप है, नामजद से उनकी काफी समय से रंजिश चल रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।

इस्लामुद्दीन परिवार के साथ थाना लिसाड़ीगेट क्षेत्र के लक्खीपुरा में रहते है। देर रात उनका 15 वर्षीय पुत्र शहजाद घर में ही मकान के अंदर छत में लगे गाटर पर फंदे से लटका मिला। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शहजाद को नीचे उतारा और डाक्टर के पास ले गए। डाक्टर ने शहजाद को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस्लामुद्दीन ने बताया, शहजाद देर रात तक उनके भांजे के साथ बाहर खेल रहा था। वह कब अंदर आया उन्हें नहीं पता। जब दिखाई नहीं दिया, तब कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा। आरोप लगाया, उनकी मुदस्सिर पुत्र मुजाहिद से रंजिश चल रही है। उसने ही शहजाद की हत्या करके शव को फंदे पर लटका दिया। उसके बाद कुंडी लगा दी। बताया, जिस समय शहजाद बाहर खेल रहा था, उसी समय मुदस्सिर भी वहां घूम रहा था। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी खंगाले हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।  

खबरें और भी हैं...