Delhi में आतंकी हमले का अलर्ट: लश्कर की साजिश बेनकाब, लाल किले के पास धमाके की योजना…निशाने पर ये मंदिर !

 

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर आतंकियों के निशाने पर है। खुफिया एजेंसियों ने एक बेहद डरावना इनपुट साझा किया है, जिसके मुताबिक प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) ऐतिहासिक लाल किले और भीड़भाड़ वाले चांदनी चौक इलाके में भीषण IED धमाकों की साजिश रच रहा है। इस अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरी राजधानी को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया है। बताया जा रहा है कि आतंकियों के निशाने पर न केवल ऐतिहासिक इमारतें हैं, बल्कि चांदनी चौक स्थित प्रसिद्ध मंदिर और देश के अन्य बड़े धार्मिक स्थल भी हैं।

लश्कर की ‘IED सीरीज’ वाली खौफनाक प्लानिंग

सुरक्षा एजेंसियों को मिले पुख्ता इनपुट्स के अनुसार, लश्कर के आतंकी दिल्ली में सिलसिलेवार (Series) IED ब्लास्ट करने की फिराक में हैं। आतंकियों का मुख्य टारगेट लाल किला और चांदनी चौक का व्यस्त इलाका है। सूत्रों का कहना है कि चांदनी चौक स्थित प्राचीन गौरी शंकर मंदिर और हनुमान मंदिर आतंकियों की हिट लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। खुफिया रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि आतंकी इन संवेदनशील स्थलों पर आत्मघाती हमला या रिमोट कंट्रोल धमाका कर सकते हैं।

इस्लामाबाद मस्जिद ब्लास्ट का ‘बदला’ लेना चाहता है लश्कर

इस आतंकी साजिश के तार सीमा पार पाकिस्तान से जुड़े बताए जा रहे हैं। दरअसल, बीते 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए भीषण धमाके के बाद से लश्कर-ए-तैयबा बौखलाया हुआ है। हालांकि उस हमले की जिम्मेदारी ISIS (IS-K) ने ली थी, लेकिन लश्कर इसका बदला लेने के लिए भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि लश्कर इस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब करने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश में है।

लाल किला और चांदनी चौक में ‘मल्टी-लेयर’ सुरक्षा

खतरे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने चांदनी चौक और लाल किला इलाके में मल्टी-लेयर सिक्योरिटी तैनात कर दी है। प्रसिद्ध मंदिरों के बाहर सुरक्षा घेरा इतना कड़ा कर दिया गया है कि परिंदा भी पर न मार सके।

  • सभी एंट्री पॉइंट्स पर सघन तलाशी ली जा रही है।
  • CCTV कैमरों के जरिए मॉनिटरिंग को दोगुना कर दिया गया है।
  • प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मोड़ों पर क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को मुस्तैद रखा गया है।
  • CRPF और दिल्ली पुलिस के जवान सादे कपड़ों में भी भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त कर रहे हैं।

2025 के उस जख्म ने बढ़ाई चिंता

सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी के पीछे पिछले साल की एक कड़वी याद भी है। गौरतबल है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक सफेद हुंडई i20 कार में भीषण धमाका हुआ था। उस आत्मघाती हमले में करीब 15 लोगों की जान गई थी और दर्जनों घायल हुए थे। उस वक्त अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया था। एनआईए (NIA) अभी भी उस मामले की जांच कर रही है, ऐसे में ताजा इनपुट ने सुरक्षा बलों की नींद उड़ा दी है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखते ही तुरंत सूचना दें। 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

4 + 1 =
Powered by MathCaptcha