फर्जी आधार कार्ड लगाकर कोर्ट में करा दी गवाही

अस्पताल में फर्जी तरीके से भर्ती दिखाकर बीमा कंपनी से रुपया हड़पने की आशंका व्यक्त की

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। हरिद्वार स्थित गोशाला में रह रहे हापुड़ के औरंगाबाद निवासी व्यक्ति की फर्जी आधार कार्ड लगाकर कोर्ट में गवाही करा दी गई। आरोप है, भाग्यश्री अस्पताल में उसकी पत्नी को फर्जी तरीके से भर्ती दिखाकर बीमे की धनराशि भी हड़प ली गई। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

रवि पुत्र स्व. मोहन प्रकाश निवासी ग्राम औरंगाबाद जिला हापुड़ ने बताया, वह हरिद्वार स्थित गोशाला में गोसेवा करता है, जबकि उसका परिवार दिल्ली में रह रहा है। उसकी वृद्धा मां गांव में ही रहती है। गत दिनों दीपशिखा नाम की एक नर्स गढ़मुक्तेश्वर निवासी अज्ञात व्यक्ति और पुलिसकर्मियों के साथ आयी और उसके बारे में पूछा। महिला एक पर्ची देकर गई, जिस पर वाद संख्या 6992/2019 एसीजेएम-6 मेरठ लिखा था। अपने अधिवक्ता से जब उसने इस संबंध में जानकारी इकट्ठा की तो सामने आया, किसी ने उसके फर्जी आधार कार्ड से कोर्ट में गवाही करा रखी थी। जांच के दौरान सामने आया, अंजुल त्यागी पत्नी पंकज व उसके परिवार के सदस्य पंकज त्यागी पुत्र जयपाल, देव उत्कर्ष त्यागी पुत्र पंकज त्यागी, अदिति त्यागी पुत्री पंकज त्यागी, शुभम त्यागी पुत्र प्रदीप, डॉक्टर तनुज गर्ग, जावेद पुत्र जान मोहम्मद व नीरू निवासीगण भाग्यश्री अस्पताल मंगल पांडे नगर थाना मेडिकल, आदित्य त्यागी पुत्र योगेश कुमार त्यागी निवासी शास्त्री नगर अपराधी प्रवृत्ति के हैं, कई जिलों के विभिन्न थानों में इनके नाम मुकदमे पंजीकृत हैं। लोगों को षड्यंत्र रचकर ठगने का काम करते हैं। इनके विरूद्ध दीपशिखा पुत्री दयाकिशन निवासी गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ ने थाना मेडिकल, गढ़मुक्तेश्वर व सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज करा रखा था।

आरोप लगाया, इन लोगों ने उसके फर्जी आधार कार्ड से एसीजेएम-6 कोर्ट में गवाही करा दी। दीपशिखा पर झूठा वाद दायर कराया गया। रवि ने आशंका व्यक्त की, उसकी पत्नी को फर्जी तरीके से बीमार और अपने अस्पताल में भर्ती दिखाकर बीमा कंपनी से रुपया भी हड़प सकते हैं। बताया, वह इन लोगों को नहीं जानता, न कभी गवाही दी और न कभी उसकी पत्नी भाग्य श्री अस्पताल भर्ती हुई। घटना के वर्ष-2019 में वह मेरठ भी नहीं गया। रवि ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

खबरें और भी हैं...