तीन दिन से लापता युवक का शव पुलिस चौकी पीछे पेड़ से लटका मिला

फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, सीओ सरधना के आश्वासन पर मृतक के परिजनों ने उठाने दिया

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। तीन दिन से लापता युवक का शव गांव में ही पुलिस चौकी के पीछे जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को देखते ही युवक के परिजनों में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारने का प्रयास किया तो परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने जिलाधिकारी व एसएसपी को मौके पर बुलाए जाने की मांग की। मौके पर फॉरेंसिक टीम पहुंची। भारी मशक्कत के बाद सीओ सरधना मृतक के परिजनों को समझाने में कामयाब हुए। जिसके बाद शव का पंचनामा भर पीएम के लिए भेजा गया।

थाना सरधना क्षेत्र के गांव मुल्हेड़ा निवासी बिल्लू पुत्र सूबेदार ने बताया कि उसका पुत्र सुल्तान गांव में ही संत केशव स्कूल में कक्षा ग्यारहवीं में पढ़ता था। 24 अक्टूबर यानी दीपावली की दोपहर लगभग 2:00 बजे सुल्तान घर से किसी काम के लिए निकला था और कुछ देर में आने की बात कह कर गया था। शाम तक भी सुल्तान के वापस ना आने पर परिजनो ने उसकी तलाश की। संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद सुल्तान के पिता ने गांव की पुलिस चौकी में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। जिसके बाद पुलिस और सुल्तान के परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे।

आज सुबह खेतों की ओर जा रहे कुछ लोगों ने एक शव पुलिस चौकी के पीछे वन विभाग की भूमि में एक पेड़ पर लटका देखा। युवक का शव देखने के बाद उन्होंने इसकी सूचना गांव में दी शव मिलने की सूचना पर गांव में सनसनी फैल गई और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर जाकर देखा तो शव की पहचान सुल्तान के रूप में हुई। शव को देखते ही सुल्तान के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहले स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, इसके बाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया जैसे ही पुलिस ने शव पेड़ से उतारने का प्रयास किया तो मृतक के परिजनों ने हंगामा करते हुए डीएम व एसएसपी को मौके पर बुलाए जाने की मांग की।

घंटो चले हंगामे की सूचना पर सीओ सरधना आरपी शाही मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद मृतक के परिजनों को समझाने में कामयाब हुए। इसके बाद शव को पेड़ से उतारा गया और पंचनामा भर शव को पीएम के लिए भेजा गया।

मृतक के परिजनों का कहना है कि किसी ने सुल्तान की हत्या करके उसका शव पेड़ पर लटकाया है। उन्होंने जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। मृतक की मां नसीमा व बहनों का रो रो कर बुरा हाल है।


खबरें और भी हैं...