गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले से एक फिल्मी और बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने प्रेमी की पुलिस हिरासत से रिहाई की मांग को लेकर गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर की ऊंचाई से आत्महत्या की धमकी देते हुए महिला ने घंटों तक ‘शोले’ के ‘वीरू’ की याद दिला दी। इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।
प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज थी प्रेमिका
मामला गोपालगंज के बंकाटा जागीरदारी गांव का है। बताया जा रहा है कि महिला और उसका प्रेमी पवन चौहान, दोनों बंकाटा मल गांव के रहने वाले हैं। गुरुवार को महिला अचानक अपने घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शक के आधार पर प्रेमी पवन चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। जैसे ही यह खबर महिला तक पहुंची, वह आपा खो बैठी और शुक्रवार को सीधे मोबाइल टावर के शिखर पर जा पहुंची।
प्रेमी की रिहाई के लिए टावर पर चढ़ी प्रेमिका!
7 साल से चल रहे प्रेम प्रसंग में रात को मिलने पहुंचे प्रेमी को गांव वालों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
गुस्साई प्रेमिका सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया।
आखिरकार पुलिस को प्रेमी को मौके पर बुलाना… pic.twitter.com/BzFJ2fWhPA
— PRIYA RANA (@priyarana3101) March 8, 2026
टावर से कूदने की धमकी और घंटों चला हंगामा
महिला को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। वह टावर के ऊपरी हिस्से से चिल्ला-चिल्लाकर पुलिस को चेतावनी दे रही थी कि अगर उसके प्रेमी को तुरंत रिहा नहीं किया गया, तो वह नीचे कूदकर अपनी जान दे देगी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोग उसे नीचे उतारने के लिए घंटों मिन्नतें करते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला टावर के खतरनाक एंगल पर बैठी नजर आ रही है।
पुलिस ने प्रेमी को बुलाया, तब मानी बात
हालात बेकाबू होते देख और महिला की जान को खतरे में देखते हुए पुलिस ने समझदारी से काम लिया। जब काफी समझाने के बाद भी महिला नहीं मानी, तो पुलिस ने हिरासत में लिए गए उसके प्रेमी पवन को मौके पर बुलाया। प्रेमी को अपनी आंखों के सामने सुरक्षित देखकर महिला का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।
आत्महत्या की कोशिश को पुलिस ने किया नाकाम
गोपालगंज पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि महिला ने मोबाइल टावर से कूदकर जान देने का प्रयास किया था, जिसे पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते रोक लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद अब इस पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















