बदलते परिवेश में मीडिया का दायित्व बढ़ा: डीएम

आयुक्त व जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मीडिया बंधुओं को दी शुभकामनाएं

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। आयुक्त सेल्वा कुमारी जे एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मीडिया बंधुओं को शुभकामनाएं दी। आयुक्त ने कहा, राष्ट्रीय प्रेस दिवस भारत में स्वतंत्र एवं जिम्मेदार प्रेस का प्रतीक है। इसी दिन भारतीय प्रेस परिषद् ने यह सुनिश्चित करने के लिए एक नैतिक प्रहरी के रूप में कार्य करना आरंभ किया कि प्रेस न केवल एक शक्तिशाली माध्यम के रूप में अपेक्षित उच्च स्तर बनाये रखे बल्कि, यह किन्हीं बाह्य कारकों से प्रभावित या खतरों से अवरुद्ध न हो।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा, मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। समग्र रूप से देखा जाये तो स्वतंत्रता संग्राम से लेकर अब तक मीडिया ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। कहा, बदलते परिवेश में मीडिया का दायित्व बढ़ गया है। मीडिया एक ऐसा दर्पण है जो समाज व राष्ट्र को उसकी सच्चाई दिखाता है। जनता को अपने आसपास हो रही गतिविधियों के बारे में सूचित करता रहता है। इस प्रकार से मीडिया समाज व सरकार की मदद करते हुये एक निष्पक्ष, पारदर्शी एवं मजबूत व्यवस्था का निर्माण करता है।

सूचना कार्यालय मेरठ में हुई विचार गोष्ठी
सूचना कार्यालय मेरठ में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार द्वारा विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी में उपस्थित पत्रकारों द्वारा अपने पत्रकार जीवन के अनुभवों को साझा किया गया। आजादी से पूर्व एवं बाद पत्रकारिता में कवियों, लेखकों के योगदान के विषय में चर्चा की गयी। पत्रकार शाहिद द्वारा काव्य पाठ किया गया, जिसकी गोष्ठी में उपस्थित पत्रकारों द्वारा सराहना की गयी। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार द्वारा जनपद के समस्त पत्रकारों को शुभकामनाएं दी गयी।

खबरें और भी हैं...