बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी, 2017 के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था बनी नज़ीर: योगी

प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बेहतर हुईः योगी

5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलीः मुख्यमंत्री

पिछली सरकार कानपुर में तमंचे की फैक्ट्री लगवाती थीः सीएम

नाम समाजवादी, काम तमंचावादी और सोच परिवारवादीः सीएम

कानपुर देहात के अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था की चुनौती थी। लगातार दंगों के कारण अराजकता का माहौल था। बाजारों में बमबाजी होती थी। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी, लेकिन 2017 के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था नजीर बन गई है। अब दंगे नहीं होते हैं, बमबाजी नहीं होती है। कांवड़ यात्रा निकलती है। कांवड़ यात्री हर-हर, बम-बम के नारे लगाते हुए चलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बेहतर हुई हैं। युवाओं को रोजगार मिल रहा है। ओडीओपी के माध्यम से परम्परागत उद्योग को बढ़ावा दिया है। भाजपा सरकार में युवाओं को 5 लाख से अधिक सरकारी नौकरी मिली। एक करोड़ 61 लाख से अधिक रोजगार दिए गए। एमएसएमई सेक्टर में 60 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार कानपुर में तमंचे की फैक्ट्री लगवाती थी। उनका नाम समाजवादी, काम तमंचावादी और सोच परिवारवादी थी। हमारी सरकार में डिफेंस कारीडोर बन रहा है। अब कानपुर का नौजवान यहां बने तोप पर बैठकर दुश्मन की सीमाओं में घुसेगा तो भारत माता का जयघोष करेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कुछ लोगों ने कोरोना वैक्सीन के खिलाफ दुष्प्रचार किया कि यह मोदी वैक्सीन है। जो संकट का साथी होता है, वही सच्चा हितैषी है और जो संकट में साथ न दे वह अवसरवादी होता है। उन्होंने जनता से अपील की कि अब वोट की चोट से करारा जवाब देने का वक्त है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में लोगों को राशन का डबल डोज मिल रहा है, बिजली मिल रही है। उन्होंने पूछा कि आपको बिजली देने वाली सरकार चाहिए या अंधेरा फैलाने वाले लोग। राशन का डबल डोज देने वाली सरकार चाहिए या राशन लूटने वाली। मुख्यमंत्री ने लोगों से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

76 − 69 =
Powered by MathCaptcha