बॉलीवुड पर अंडरवर्ल्ड का साया : जानिए क्यों फिल्म इंडस्ट्री का ‘मोस्ट वांटेड दुश्मन’ बना बिश्नोई गैंग ?

मुंबई: गोलियों की तड़तड़ाहट, फोन पर गूंजती धमकियां और फेसबुक पर खुलेआम जिम्मेदारी लेने की हिम्मत… मुंबई का बॉलीवुड एक बार फिर अंडरवर्ल्ड के काले साये में जी रहा है. 90 के दशक में दाऊद इब्राहिम का जो खौफ था, आज वही डर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से इंडस्ट्री में फैलता जा रहा है. सलमान खान के घर से शुरू हुई फायरिंग की यह गूंज अब मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के दरवाजे तक पहुंच गई है, और संदेश साफ है – निशाना कोई एक नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री है.

‘यह तो ट्रेलर है, छाती पर चलेगी गोली’

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का दुस्साहस देखिए कि वह हर वारदात को सोशल मीडिया पर कबूल करता है. रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद शुभम लोनकर, आरजे बिश्नोई और हरी बॉक्सर के नाम से एक फेसबुक पोस्ट में इसकी जिम्मेदारी ली गई. पोस्ट में सीधे तौर पर पूरे बॉलीवुड को चेतावनी दी गई, “हमने बहुत बार मैसेज किया कि हमारे काम में दखल न दे, लेकिन इसे समझ में नहीं आया. यह छोटा सा ट्रेलर है. हमारी बात नहीं मानी तो अब घर के बाहर नहीं, इसके बेडरूम में गोली चलेगी. इसकी छाती पर गोली और आगे पूरे बॉलीवुड को चेतावनी है कि समय रहते सुधर जाओ, नहीं तो बहुत बुरा हाल होगा.”

दाऊद की राह पर लॉरेंस बिश्नोई

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की कार्यशैली अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की याद दिलाती है. विदेश में बैठकर भारत की सबसे बड़ी हस्तियों, बिल्डरों और व्यापारियों से करोड़ों की रंगदारी मांगना और न देने पर उनके घरों के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाना, यह गैंग का मुख्य हथियार बन चुका है. सलमान खान और रोहित शेट्टी जैसे बड़े नामों को निशाना बनाने के पीछे एक सोची-समझी रणनीति है. जब इतनी बड़ी हस्तियां सुरक्षित नहीं हैं, तो बाकियों में खौफ अपने आप पैदा हो जाता है, जिससे रंगदारी वसूलना आसान हो जाता है.

सलमान से शुरू, लंबी होती गई लिस्ट

इस गैंग ने सबसे पहले सलमान खान को काले हिरण शिकार मामले को लेकर निशाना बनाया. बिश्नोई समाज से माफी की मांग से शुरू हुआ यह मामला धमकियों से होते हुए अप्रैल 2024 में सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई गोलीबारी तक पहुंच गया. इसके बाद कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर तीन बार फायरिंग की गई और उन्हें सलमान से दूर रहने की चेतावनी दी गई. एक्ट्रेस दिशा पटानी के बरेली वाले घर पर भी बाइक सवारों ने गोलियां चलाईं, जिसकी वजह उनकी बहन का एक सोशल मीडिया पोस्ट बताया गया.

पंजाबी इंडस्ट्री से भोजपुरी तक दहशत

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद इस गैंग का नाम पूरे देश में कुख्यात हो गया था. इसके बाद सिंगर बी प्राक और दिलनूर को करोड़ों की रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल किए गए. बात सिर्फ बॉलीवुड और पंजाबी इंडस्ट्री तक ही सीमित नहीं रही, भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को भी धमकी दी गई कि वह सलमान खान के शो में नजर न आएं. इन घटनाओं से साफ है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग पूरे मनोरंजन जगत पर अपना दबदबा कायम करना चाहता है.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

+ 52 = 56
Powered by MathCaptcha