
रीवा । गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाने वाली महिला घरेलू हिंसा का शिकार हुई है। पति ने मारपीट कर उनको घर से निकाल दिया। रात महिला शिकायत दर्ज करवाने थाने पहुंची जिस पर पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। सिविल लाइन थाने के झिरिया में रहने वाली लता टंडन पति मोहित टंडन अपनी ससुराल में घरेलू हिंसा का शिकार हुई हैं। दरअसल उनके साथ सात जन्मों का साथ निभाने का वादा करने वाले पति ने ही हिंसा की है।
पति द्वारा महिला संग मारपीट
पति द्वारा उनके साथ मारपीट की गई और अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। पति ने उनको घर से बाहर निकाल दिया। घटना से काफी देर तक हंगामा मचा रहा। पति उनके साथ मारपीट कर रहा था और ससुराल वाले उसमें हस्तक्षेप नहीं कर रहे थे। बाद में महिला घटना की शिकायत दर्ज करवाने सिविल लाइन थाने पहुंची जहां उन्होंने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा सहित घर से निकालने की जानकारी दी है।
जांच में जुटी पुलिस
शिकायत मिलने पर पुलिस ने अब पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला का कहना था कि पति काफी समय से उनके साथ बात कर रहा है और अब उनको घर से निकाल दिया है।
प्रेम प्रसंग के चक्कर में घर से निकाला
थाने में शिकायत दर्ज करवाने वाली महिला ने पति पर दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग होने का आरोप लगाया है। पति का एक दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है और इसके लिए उनको घर से निकाल दिया ताकि वह महिला को अपने साथ घर में रख सके।
जाने क्यों हुआ गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज
पीड़ित महिला ने करीब 3 साल पहले वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने लगातार 87 घंटे 45 मिनट तक खाना बनाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया था। 3 दिन से भी अधिक समय तक उन्होंने लगातार होटल में खाना बनाकर यह उपलब्धि हासिल की थी। उनकी इस उपलब्धि पर शहर में जुलूस भी निकाला गया था।














