
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। थाना दौराला क्षेत्र के गांव रूहासा की रहने वाली एक महिला ने मुख्य मंत्री व डीजीपी को पत्र भेजकर एक दरोगा पर गंभीर आरोप लगाए हंै। महिला ने मामले की जाँच कराकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गांव रुहासा की रहने वाली महिला फिरदोस पत्नी जाफर ने भेजे गए शिकायती पत्र में बताया, उसने 11अक्टूबर 2018 को मौहम्मद असलम पुत्र मौहम्मद इसलाम निवासी सदनपुरी कंकरखेड़ा से एक प्लॉट खरीदा था। उसके बाद उसने प्लॉट में एक कमरा व शौचालय बनाया था। जिस पर वह तभी से काबिज चली आ रही थी। 9 सितंबर 2022 को गांव के ही कुछ दबंगों ने क्षेत्र के एक दरोगा से सांठ गाठ व साज करके उसके कमरे को बुलडोजर से गिरा दिया। पीड़िता ने बताया, वह दरोगा के आगे रोयी व गिड़गिड़ाई लेकिन, उसकी एक नहीं सुनी। पीड़िता महिला ने बताया, 18 अक्टूबर की रात्रि करीब 12 बजे दबंग लोग अपने हाथों में लाठी डंडे, कटटे लेकर व फायर करते हुए आए और अपनी ताकत के बल पर उसके मकान पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया। शौचालय जो कि सरकार द्वारा बनवाया गया था, उसे गिरा दिया गया। महिला का आरोप है, जब उसने इस संबंध में थाना दौराला व अन्य उच्च अधिकारियों से शिकायत की, परन्तु कोई कार्यवाही नहीं हुयी। आरोप है कि हल्का दरोगा ने यह कहकर धमकाया कि तुम बहुत उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देती हो, अगर तुमने अब कहीं भी कोई शिकायती प्रार्थना पत्र दिया तो तुम्हें व तुम्हारे परिवार के सदस्यों को किसी झूठे मुकदमें में फंसाकर जेल भेज दूंगा। पीड़ित महिला ने डीजीपी व मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में मामले की जाँच कराकर कार्रवाई करने की मांग के साथ सुरक्षा की गुहार लगाई है।














