यूपी : 1.22 लाख रुपये हड़पने और इलाज में लापरवाही बरतने के मामले में जांच शुरू

मुरादाबाद । कोरोना का भय दिखाकर व्यापारी के बेटों से 1.22 लाख रुपये हड़पने और इलाज में लापरवाही बरतने से व्यापारी की मृत्यु हो जाने के मामले में थाना मझोला क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित निजी हॉस्पिटल के दो चिकित्सकों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर थाना मझोला में केस दर्ज हुआ है। इंस्पेक्टर मझोला ने बताया कि मामले में जांच शुरू हो गई है।

थाना सिविल लाइन क्षेत्र के नवीन नगर निवासी कपड़ा व्यापारी सिद्धार्थ मल्होत्रा ने बताया कि पिछले वर्ष 30 अप्रैल को उनके पिता हरीश मल्होत्रा तबियत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें लाइनपार स्थित एक निजी अस्पताल में चेकअप कराया था, जहां चिकित्सकों ने बताया था कि फेफड़ों में पानी आ गया है। इलाज कराने पर ठीक हो जाएगा। सिद्धार्थ पिता को बेहतर इलाज के लिए एक मई 2021 को दिल्ली रोड स्थित आरआर हेल्थ केयर एंड मल्टी सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल ले गए। यहां डॉ. राकेश खरे और डॉ. अभिनव बनर्जी ने चेक करने के बाद बताया था कि मरीज को कोराेना है। डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने के लिए एक लाख रुपये जमा करवाए। इसके अलावा दवा के रुपये अलग से जमा कराए गए। तीन मई 2021 को हरीश मल्होत्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

डॉक्टरों ने दावा किया था कि कोरोना की वजह से मौत हुई है। सिद्धार्थ ने बताया कि जब उनके पिता का शव बाहर लाया गया तो उनके गले में पट्टी बंधी हुई थी और मुंह से झाग निकल रहा था। आरोप है कि दोनों डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही बरती जिससे उनके पिता की मौत हो गई और कोरोना का भय दिखाकर उनसे धोखाधड़ी कर 1.22 लाख रुपये हड़प लिए। जबकि उन्होंने भर्ती कराने से पहले तीस अप्रैल 2021 को अपने पिता की कोरोना जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उन्होंने इस मामले की शिकायत सीएमओ और एसएसपी से की, लेकिन डॉक्टरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी।

खबरें और भी हैं...