
भास्कर समाचार सेवा
सिरसागंज में उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष रीमा यादव ने अपनी टीम के साथ रविवार को फिरोजाबाद सांसद डॉ.चंद्रसेन जादौन तथा जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह को पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने को लेकर एक ज्ञापन दिया।

आपको बता दें जनपद फिरोजाबाद के सिरसागंज नगर में रविवार को हैबतपुर रोड स्थित सांसद कैंप कार्यालय पर पहुंचकर उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष रीमा यादव ने अपनी टीम के साथ एक ज्ञापन फिरोजाबाद सांसद डॉ चंद्रसेन जादौन को सौंपा। तथा कुंजपुरा रोड स्थित पर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्होंने जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह को भी ज्ञापन दिया। बता दे पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने को लेकर उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ ने ज्ञापन दिया। जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ रीमा यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा अप्रैल 2005 के पश्चात नियुक्त शिक्षक, कर्मचारियों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर नई पेंशन योजना लागू की गई है जो शिक्षक कर्मचारियों समाज को स्वीकार नहीं है।उन्होने कहा यूपी राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद एवं उत्तरप्रदेश महिला शिक्षक संघ व अन्य सम्बद्ध संगठनों के आन्दोलन, ज्ञापन एवं वार्ता के माध्यम से सरकार का ध्यान बार-बार आकृष्ठ कराया गया परन्तु अभी तक कर्मचारियों की भावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए पुरानी पेंशन योजना की बहाली हेतु कोई प्रगति नहीं हुई। कई प्रदेश सरकारों द्वारा पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी गई गयी है। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों द्वारा अपना पूरा जीवन प्रदेश के विकास एवं योजना के क्रियान्वयन में अर्पित करने के उपरान्त उन्हें एवं उनके परिवार को बेसहारा छोड़ना न्यायसंगत नही है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि हमे भी समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का हक मिलना चाहिये।













