वरुण गांधी ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- हर आपदा में अवसर नहीं खोजना चाहिए

 बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने ट्वीट के जरिए एक बार फिर अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है. बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने ट्विटर पर यूक्रेन में फंसे छात्र-छात्राओं का वीडियो साझा किया है. इसमें उन्होंने लिखा है कि सही समय पर सही फैसला न लेने से 15,000 से अधिक छात्र भारी अव्यवस्थाओं के बीच अभी युद्ध भूमि में फंसे हुए हैं.

सांसद वरुण गांधी ने लिखा कि ठोस राजनीतिक और कूटनीतिक कार्रवाई कर उनकी सुरक्षित वापसी इन पर कोई उपकार नहीं, बल्कि हमारा दायित्व है. इसके साथ ही सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए लिखा कि हर आपदा में अवसर नहीं खोजना चाहिए. वरुण के ट्विटर एकाउंट से पोस्ट किए गए वीडियो में यूक्रेन में फंसी एक लड़की बोल रही है कि हमें यूक्रेन की सीमा पर आने के लिए कहा गया है, जो यहां से 800 किमी दूर है. भारतीय दूतावास से संपर्क करने पर वो फोन काट रहे हैं. लड़की ने कहा कि उसकी कोई मदद नहीं की जा रही है. उसने अपील की है कि उसे जल्द से जल्द वहां से निकाला जाए.

गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है कि बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने छात्र-छात्राओं के हित की कोई आवाज उठाई हो. इससे पहले भी सरकार की तमाम नीतियों के खिलाफ सांसद वरुण गांधी हमलावर हो चुके हैं. पहले भी सांसद वरुण गांधी ने छात्र-छात्राओं के हित में पेपर लीक मामले में ट्वीट कर आवाज उठाई थी. इसके साथ ही वो बैंकों से ऋण लेकर विदेश भागे व्यवसायियों, निजीकरण, किसानों के मुद्दों, किसान आंदोलन, लखीमपुर व अन्य तमाम मुद्दों पर वरुण गांधी भाजपा सरकार पर हमला कर चुके हैं.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

87 − = 84
Powered by MathCaptcha