
नई दिल्ली : टीम इंडिया (Team India) के मौजूदा कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के संन्यास की खबर सुनकर भावुक हो गए हैं। कोहली ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कहा कि उन्होंने धोनी की कप्तानी में ही टीम इंडिया में डेब्यू किया था और धोनी ने उनका काफी समर्थन किया था। इसलिए वह खुद को काफी भावुक महसूस कर रहे हैं। बता दें कि टेस्ट क्रिकेट से धोनी के संन्यास लेने पर विराट कोहली को ही कप्तानी मिली थी। इतना ही नहीं, जब धोनी ने वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की कप्तानी छोड़ी, तब भी कोहली ने ही उनकी जगह ली थी।
विराट बोले, शुक्रिया कप्तान
विराट कोहली ने ट्विटर पर धोनी की तस्वीर शेयर कर लिखा कि हर क्रिकेटर के सफर का अंत एक न एक दिन होता है, लेकिन जब आप किसी के बहुत करीब आते हैं और वह इस तरह के फैसले की घोषणा करता है तो आप बहुत भावुक महसूस करते हैं। विराट ने धोनी के लिए आगे लिखा कि आपने जो भी इस देश के लिए किया है, वह हमेशा लोगों के दिल में रहेगा, लेकिन एक-दूसरे के लिए हमारी जो म्यूचुअल रिस्पेक्ट रही है वह हमेशा उनके साथ रहेगी। कोहली ने धोनी को संबोधित करते हुए लिखा कि लोगों ने आपकी उपलब्धियां देखी। उन्होंने आपको एक शख्स के तौर पर जाना। सबके लिए शुक्रिया कप्तान।
रैना को भी भविष्य के लिए दी बधाई
स्वतंत्रता दिवस के दिन संन्यास लेने वाले महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया के इकलौते खिलाड़ी नहीं हैं। आज ही के दिन टीम इंडिया के बाएं हाथ के मध्यक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैना (Suresh Raina) ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। हालांकि रैना भी धोनी की तरह आईपीएल में खेलते रहेंगे। ये दोनों चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की ओर से खेलते हैं। कोहली ने रैना के संन्यास पर अपने ट्विटर पर लिखा कि टॉप करियर के लिए भावेश बधाई। आगे के लिए गुडलक।
कोहली पहले भी कह चुके हैं धोनी हमेशा रहेंगे उनके कप्तान
बता दें कि विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के बीच काफी अच्छी अंडरस्टैंडिंग है। वह पहले भी कह चुके हैं कि भले वह अब टीम इंडिया के कप्तान हैं, लेकिन धोनी हमेशा उनके कप्तान रहेंगे। बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब धोनी ने अपने निर्णय से लोगों को चौंका दिया। टेस्ट क्रिकेट खेलने और कप्तानी दोनों से उन्होंने अचानक ही संन्यास की घोषणा कर दी थी। इसके बाद सीमिति ओवरों का क्रिकेट वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी ऐसे ही अचानक संन्यास ले लिया था।













