मां पीताम्बरा होटल में एसडीएम ने मारा छापा-होटल से बरामद की गई युवती, होटल सील

देह व्यापार की सूचना पर की गई कार्रवाई

भास्कर समाचार सेवा

टूंडला। नगर के एटा रोड पर संचालित होटल मां पीताम्बरा में देह व्यापार की सूचना पर उप जिलाधिकारी ने छापामार कार्रवाई की। जिसमें टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल से एक युवती को पकड़ा है। जिसको थाने ले जाया गया। वहीं होटल संचालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। जबकि होटल को सील कर दिया गया है।
नगर में देह व्यापार के चल रहे अडडों पर एक बार फिर से उप जिलाधिकारी सतेन्द्र सिंह ने कार्रवाई की है। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने बसई रोड स्थित न्यू ब्लू स्टार होटल को सील किया था। अब शनिवार दोपहर उन्होंने होटल में देह व्यापार की सूचना मिलने के बाद औचक छापामार कार्रवाई की। जिसमें टीम ने एटा रोड स्थित मां पीताम्बरा होटल में कार्रवाई को अंजाम दिया। जहां एसडीएम सहित पुलिस टीम को देखकर होटल संचालक में हड़कंप मच गया। वहीं कुछ युवक-युवती टीम को देखकर दूसरे रास्ते से भाग निकले। जबकि टीम ने एक युवती को होटल से पकड़ लिया। वहीं संचालक को भी हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ जारी है। उप जिलाधिकारी ने इस पूरी कार्रवाई के बाद होटल को सील करवा दिया है।

इन्सेट
आगे भी जारी रहेगा अभियान-एसडीएम
टूंडला। उप जिलाधिकारी सतेन्द्र सिंह का कहना है कि होटलों में चल रहे देह व्यापार की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई को अमल में लाया गया है। जिसमें बिना लाइसेंस के होटलों में इस तरह के काम हो रहे हैं। जिसके चलते कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...