मौसम अलर्ट : मथुरा और मेरठ में बदला मौसम, आगरा में ‘गुलाबी सर्दी’ का अहसास…जानिए आज का ताज़ा अपडेट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। बीते 19 से 21 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की सक्रियता के कारण राज्य के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज बारिश देखने को मिली, जिससे पारे में भारी गिरावट आई थी। हालांकि, अब इस विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन सोमवार को मथुरा, मेरठ और आगरा जैसे जिलों में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट बदल ली। जहां मथुरा-मेरठ में सुबह से ही बादल बरस रहे हैं, वहीं ताजनगरी आगरा में काले बादलों ने डेरा डाल रखा है।

मथुरा और मेरठ में बदला मौसम, आगरा में ‘गुलाबी सर्दी’ का अहसास

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में सोमवार सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं और बारिश के साथ हुई। मेरठ और मथुरा में हुई तेज बारिश से तापमान गिर गया है, जिससे लोगों को मार्च के अंत में भी ठंडक का अहसास हो रहा है। वहीं आगरा में सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतम तापमान में एकदम से गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को एक बार फिर ‘गुलाबी सर्दी’ महसूस हो रही है।

तापमान में होगी भारी बढ़ोतरी, 10 डिग्री तक बढ़ेगा पारा

मौसम विभाग (IMD) की मानें तो यह राहत महज कुछ दिनों की है। मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि आने वाले 2 से 3 दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पूरी तरह समाप्त होने के बाद आसमान साफ होगा और तेज धूप निकलेगी, जिससे गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर देगी।

लखनऊ में खिली धूप, लखीमपुर खीरी रहा सबसे गर्म

राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां सोमवार को आसमान बिल्कुल साफ रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, रविवार को लखीमपुर खीरी यूपी का सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दूसरी ओर, कानपुर नगर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है।

मौसम वैज्ञानिक की चेतावनी: आने वाले दिन होंगे गर्म

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक, “पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में 3-5°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, एक अन्य कमजोर विक्षोभ के कारण पश्चिमी यूपी में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन अगले 3-4 दिनों में तापमान में 4-7°C की क्रमिक वृद्धि होगी।” उन्होंने यह भी बताया कि हवा में नमी के कारण सुबह के समय कहीं-कहीं हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

87 + = 95
Powered by MathCaptcha