
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मैच (डे-नाइट टेस्ट) में शुक्रवार को जब कीवी टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो उनकी उम्मीदें एक बार फिर उनके कप्तान केन विलियमसन पर टिकी थीं। केन विलियमसन अच्छा खेल भी रहे थे और पारी संभालते दिख रहे थे लेकिन फिर स्लिप में स्टीव स्मिथ ने ‘सुपरमैन’ के अंदाज में ऐसा कैच लपका कि सब देखते रह गए।
पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 416 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। उनके दो विकेट महज 1 रन पर गिर गए। पहले स्टार्क ने टॉम लाथम को शून्य पर आउट किया और फिर जोश हेजलवुड ने जीत रावल को बोल्ड कर दिया। इसके बाद दो अनुभवी बल्लेबाजों- केन विलियमसन और रॉस टेलर ने मोर्चा संभाला।
दोनों बल्लेबाज शानदार बल्लेबाजी कर भी रहे थे। तभी मिचेल स्टार्क की एक बेहतरीन गेंद पर कप्तान केन विलियमसन ने डिफेंसिव शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद बाहरी किनारा लेते हुए पूरी रफ्तार से स्लिप दिशा में गई। वहां तैनात स्टीव स्मिथ ने अपनी दाईं तरफ शानदार डाइव लगाते हुए एक हाथ से बेहतरीन कैच लपक लिया।
ये है उस कैच का वीडियो
STEVE SMITH!
It doesn't get any better than that! #AUSvNZ pic.twitter.com/fxMje4Ms7I
— cricket.com.au (@cricketcomau) December 13, 2019
आईसीसी ने स्टीव स्मिथ के इस कैच का वीडियो पोस्ट करने के साथ-साथ स्टीव स्मिथ का एक पुराना वीडियो भी पोस्ट किया। इस वीडियो में भी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड आमने-सामने वनडे मैच में खेलते नजर आ रहे हैं। वहां भी मिचेल स्टार्क की गेंद है और कैच लेने वाले स्टीव स्मिथ ही थे। उस समय बस बल्लेबाज टॉम लाथम थे और कैच की जगह में फर्क था।
देखिए ये वीडियो।
Steve Smith taking an amazing one handed catch off Mitchell Starc against New Zealand?
We're sure we've seen that somewhere before 👀 pic.twitter.com/IfRKTuqFLC
— ICC (@ICC) December 13, 2019
पर्थ टेस्ट के दूसरे दिन न्यूजीलैंड की टीम ने 5 विकेट पर 109 रन का स्कोर खड़ा किया। इस दौरान उनका सिर्फ एक ही बल्लेबाज पिच पर छाप छोड़ता नजर आया और वो हैं रॉस टेलर जो दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 66 रन बनाकर पिच पर टिके थे। उनके साथ बीजे वॉटलिंग (नाबाद 0) पिच पर मौजूद हैं। न्यूजीलैंड अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 307 रन पीछे है।












