सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करने को योगी सरकार कटिबद्ध-राजेश चौधर

नौहझील में संपन्न हुई शिक्षक-प्रधान संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला

बीईओ राजलक्ष्मी पांडे ने प्रधानों से की सहयोग की अपील

भास्कर समाचार सेवा

नौहझील -विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि निजी विद्यालयों से ज्यादा परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक योग्यता रखते हैं। उन योग्य शिक्षकों को स्कूल में अच्छा वातावरण और आवश्यक सुविधाएं देकर अनुकूल माहौल बनाना होगा। इसके लिए हम सभी जनप्रतिनिधियों को आगे आना होगा और सभी जरूरतों को पूरा करना होगा।
विधायक राजेश चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित ब्लॉक स्तरीय स्थानीय प्राधिकरण/ग्राम प्रधानों हेतु संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की योगी सरकार सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करने को कटिबद्ध है। उन्होंने शिक्षकों की प्रशंसा में कहा कि तमाम परीक्षाओं को पास करने के बाद सरकारी स्कूल में पढ़ाने का सुअवसर प्राप्त होता है। हमें एक अच्छा वातावरण तैयार कर शिक्षा की अलख जगानी होगी। जब हर गरीब का बच्चा सरकारी स्कूल में पढ़ने के दौरान निजी स्कूलों जैसा महसूस करेगा तभी सरकार का सपना पूरा होगा। खंड शिक्षा अधिकारी राजलक्ष्मी पांडे ने कार्यशाला में उपस्थित प्रधानों एवं शिक्षकों से कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर्स को संतृप्तिकरण कर विद्यालयों को सुंदर स्वरुप प्रदान करें। श्रीमती पांडे ने विधायक को परिषदीय शिक्षकों द्वारा तैयार आकर्षक रंगोली भी दिखाई। परिषदीय स्कूलों के बच्चों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बीडीओ ऋषि पाल सिंह ने कहा कि सभी प्रधान शिक्षा के प्रति सजग रहते हुए ऑपरेशन कायाकल्प पर ध्यान दें। ब्लाक प्रमुख सुमन चौधरी ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि वह अपने पहले कार्यकाल में कई स्कूलों में इंटरलॉकिंग एवं तार फेंसिंग करा चुकी हैं। अभी उनका उद्देश्य है कि सभी परिषदीय विद्यालयों में फर्नीचर पहुंचे ताकि बच्चे उन पर बैठ कर पढ़ सकें। बीईओ राजलक्ष्मी पांडे एवं सभी एआरपी ने विधायक एवं ब्लाक प्रमुख को स्मृति चिन्ह भेंट किए। एआरपी हरिश्चंद्र चौधरी,देशराज सिंह, राहुल अग्रवाल, सत्य प्रकाश आदि ने कार्यशाला की व्यवस्थाएं संभाली। कार्यक्रम में एसआरजी अमित कुमार, प्रधान प्रशांत गुप्ता, हरनाम सिंह सरपंच, मुन्ना लाल गुप्ता, सुभाष प्रधान, खिम्मो प्रधान ,वीरेंद्र सिंह,त्रिभुवन दत्त शर्मा, अश्विनी शर्मा, किरन जीत कौर,ओपी गुप्ता, कुलदीप पाठक, मुकेश शर्मा,अजीत वर्मा, एआरपी अजय कुमार,प्रशांत दीक्षित, साहब सिंह आदि रहे। कार्यक्रम का संचालन ए आर पी उत्तम सारस्वत एवं नूपुर वार्ष्णेय ने किया।

खबरें और भी हैं...