रायबरेली में जमीन धंसते ही निकली रहस्यमयी सुरंग: ASI की टीम जांच में जुटी, अंदर मिलीं प्राचीन कलाकृतियां 

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां हरचंदपुर इलाके के एक गांव में बारिश के बाद अचानक जमीन धंसने से एक रहस्यमयी सुरंग का पता चला है। सुरंग की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। मामले की संवेदनशीलता और पुरातात्विक महत्व को देखते हुए जिला प्रशासन की सिफारिश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल और वैज्ञानिक सर्वेक्षण शुरू कर दिया है।

बारिश के बाद खेत में बना गड्ढा, अंदर दिखा पुरानी ईंटों का ढांचा पूरा मामला हरचंदपुर थाना क्षेत्र के ओई गांव का है। यहां बीते दिनों हुई तेज बारिश के बाद रामदेई नामक महिला के खेत में अचानक जमीन धंस गई, जिससे करीब तीन फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। जब ग्रामीणों ने उत्सुकतावश गड्ढे के अंदर झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए। गड्ढे के नीचे पुरानी पक्की ईंटों की बनी दीवार और एक लंबी सुरंग नजर आई।

सुरंग के अंदर से मिलीं प्राचीन सुराही और आरती दान स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि सुरंग की शुरुआती छानबीन के दौरान अंदर से मिट्टी की प्राचीन सुराही और पूजा में इस्तेमाल होने वाला आरती दान बरामद हुआ है। इन अवशेषों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह संरचना किसी प्राचीन काल या ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ी हो सकती है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी, जिसके बाद महराजगंज तहसील की टीम ने मौके पर मुआयना कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी।

ASI की टीम ने आधुनिक उपकरणों से शुरू किया सर्वे मामला ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ा दिखने पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ने तुरंत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) को पत्र लिखकर विशेषज्ञ जांच का अनुरोध किया था। मंगलवार को लखनऊ से एएसआई की टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ ओई गांव पहुंची और सर्वेक्षण का काम शुरू कर दिया।

रिपोर्ट आने के बाद ही खुलेगा ऐतिहासिक राज मामले की जानकारी देते हुए महराजगंज के उपजिलाधिकारी (SDM) चंद्र प्रकाश गौतम ने बताया कि एएसआई की टीम आधुनिक तकनीकों की मदद से सुरंग की गहराई, संरचना और उसकी वास्तविक आयु का पता लगाने में जुटी है। एएसआई की आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही इस रहस्यमयी सुरंग के ऐतिहासिक महत्व और इससे जुड़े राज का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha