लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और मैजिक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, 2 महिलाओं समेत 10 लोगों की दर्दनाक मौत

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से सोमवार सुबह एक बेहद ह्रदय विदारक खबर सामने आई है। यहां पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 2 महिलाओं सहित सभी 10 लोगों की मौके पर या इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

टक्कर इतनी जोरदार कि पिचक गया अगला हिस्सा, सीट के बीच फंसे शव

चश्मदीदों के मुताबिक, मैजिक वाहन सवारियों को लेकर लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रहा था, तभी बहराइच की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने उसे सामने से सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें बैठे लोग सीटों के बीच में ही बुरी तरह फंस गए। कुछ लोग गाड़ी से उछलकर सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में कई लोगों के सिर फट गए और चेहरे क्षत-विक्षत हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।

जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर अदलीसपुर गांव के पास हुआ हादसा

यह दर्दनाक हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर खमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर स्थित अदलीसपुर गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही खमरिया पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मैजिक में फंसे शवों को बाहर निकाला। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक अपने वाहन को छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

अस्पताल ले जाते समय आखिरी घायल ने भी तोड़ा दम, ट्रक पुलिस के कब्जे में

खमरिया के क्षेत्राधिकारी (CO) शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक (संख्या UP 14 HT 5176) को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मौके से 2 महिलाओं और 7 पुरुषों के शव अस्पताल लाए गए थे, जिनकी बॉडी बुरी तरह कुचली हुई थी। एक पुरुष गंभीर रूप से घायल था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन उसने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

तीन मृतकों की हुई पहचान, बाकी शवों की शिनाख्त की कोशिशें जारी

पुलिस प्रशासन ने अब तक मारे गए 10 लोगों में से तीन मृतकों की पहचान कर ली है। शिनाख्त हुए लोगों में जयवीर सिंह (25 वर्ष, पुत्र पेशकर सिंह) निवासी ग्राम मन गोठिया, बहराइच; अदनान (पुत्र वकील) निवासी ग्राम सिसैया धौरहरा-खीरी और पवन (पुत्र संतोष) निवासी ग्राम मंझरा राम वचन पुरवा, बहराइच शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और बाकी बचे अज्ञात मृतकों की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और गांवों में संपर्क किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment