अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले से अवैध संबंधों के फेर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 5 बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेदर्दी से हत्या करवा दी। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला एक सामान्य मर्डर का लग रहा था, लेकिन पुलिस की तत्परता और बारीकी से की गई तफ्तीश ने इस उलझे हुए ‘ब्लाइंड मर्डर’ की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा दिया। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता पत्नी, उसके प्रेमी और हत्या में शामिल साथी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
भाई की शिकायत पर पुलिस का तुरंत एक्शन, स्पेशल टीम ने संभाली कमान
यह पूरी वारदात अजमेर जिले के पीसांगन थाना क्षेत्र की है। गुरुवार (23 जुलाई, 2026) को स्थानीय किसान मुकेश रावत की संदिग्ध हालात में हत्या की सूचना मिली थी। इस संबंध में मृतक किसान के बड़े भाई रमेश रावत ने 23 जुलाई की देर रात पीसांगन थाने में मर्डर की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया। ब्लाइंड मर्डर का राजफाश करने के लिए पीसांगन थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने हर पहलू से जांच शुरू कर दी।
अक्सर होता था झगड़ा, भाभी-देवर के रिश्ते में पनपे अवैध संबंध
जांच के दौरान जब पुलिस ने मृतक के पारिवारिक पृष्ठभूमि और रिश्तों की पड़ताल की, तो शक की सुई सीधे मुकेश की पत्नी विमली पर जाकर टिक गई। पुलिस ने जब विमली को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने शुरू में गोलमोल जवाब दिए और कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो विमली टूट गई और उसने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के अनुसार, विमली के उसके ही गांव के रहने वाले गोपाल रावत से काफी समय से अवैध संबंध चल रहे थे। रिश्ते में दोनों के बीच भाभी और देवर का नाता था। जब मुकेश को इस बात की भनक लगी, तो दंपती के बीच अक्सर झगड़ा और मारपीट होने लगी।
पति की प्रताड़ना से तंग आकर प्रेमी के साथ रची खौफनाक साजिश
पत्नी विमली ने जब पति मुकेश द्वारा बार-बार मारपीट किए जाने और रास्ते में रोड़ा बनने की बात अपने प्रेमी गोपाल को बताई, तो दोनों ने मुकेश को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का मन बना लिया। विमली और उसके प्रेमी गोपाल ने मिलकर मुकेश की हत्या की साजिश रची और इसमें अपने एक अन्य साथी राजेश को भी शामिल कर लिया।
बच्चों को दूसरे कमरे में किया बंद, मुंह दबाकर ली जान
पुलिस जांच में हत्या की जो खौफनाक कहानी सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। साजिश के तहत वारदात वाली रात विमली ने अपने प्रेमी गोपाल और उसके साथी राजेश को चुपके से घर के अंदर बुला लिया। जैसे ही दोनों कमरे में दाखिल हुए, पत्नी विमली और प्रेमी गोपाल ने मिलकर सो रहे मुकेश के हाथ-पैर कसकर पकड़ लिए। इशारा मिलते ही साथी राजेश ने मुकेश का गला दबाना शुरू कर दिया। मुकेश चीख-पुकार न मचा सके, इसके लिए राजेश ने अपना एक हाथ उसके मुंह पर कसकर रख दिया। इस खौफनाक वारदात के दौरान बच्चों को दूसरे कमरे में बंद कर दिया गया था, ताकि वे मां की इस करतूत के गवाह न बन सकें।













