
वॉशिंगटन/यूटा अमेरिका के यूटा राज्य से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के वेस्ट वैली सिटी स्थित ‘वैली फेयर मॉल’ के अंदर दिनदहाड़े एक अमेरिकी नागरिक ने एक मुस्लिम मॉल कर्मचारी पर चाकू से 15 बार जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह पीड़ित का धर्म और उसकी राष्ट्रीयता (नेशनलिटी) बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले को सीधे तौर पर ‘हेट क्राइम’ (नफरती अपराध) से जोड़कर देखा जा रहा है।
‘क्या तुम मुस्लिम हो?’ नाम और धर्म पूछते ही कर दिया हमला
यूटा इस्लामिक सेंटर के इमाम शुएब दीन और स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 48 वर्षीय आरोपी पीटर माइकल लार्सन मॉल के अंदर पीड़ित कर्मचारी के पास पहुंचा। आरोपी ने पहले उसका नाम और धर्म पूछा और फिर पीने के लिए पानी की एक बोतल मांगी।
पीड़ित की पहचान सोहेल के रूप में हुई है। चश्मदीदों और पुलिस पूछताछ के मुताबिक, लार्सन ने सोहेल से पूछा, “आप कहां से हैं?” इस पर सोहेल ने शालीनता से जवाब दिया, “मैं भारत से हूं और मेरा नाम सोहेल है।” इसके बाद आरोपी ने तुरंत दूसरा सवाल दागा, “क्या आप मुस्लिम हैं?” जैसे ही सोहेल ने ‘हां’ में जवाब दिया और पानी लेने के लिए पीछे मुड़ा, लार्सन ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। आरोपी ने सोहेल के शरीर पर एक के बाद एक 15 बार चाकू से वार किए।
आरोपी का कबूलनामा: ‘मेरा मकसद मुसलमानों को मारना है’
वेस्ट वैली सिटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पीटर माइकल लार्सन को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक, आरोपी पर हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) और खतरनाक हथियार से जानलेवा हमला करने की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बिना किसी पछतावे के पुलिस के सामने कबूल किया है कि उसने पीड़ित को सिर्फ उसके धर्म के कारण निशाना बनाया और उसका मुख्य मकसद मुसलमानों को जान से मारना है।
हालत बेहद नाजुक, इलाज के लिए नहीं है हेल्थ इंश्योरेंस
इस कातिलाना हमले में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय मूल के सोहेल को तुरंत नजदीकी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उनके हाथों, दिल और फेफड़ों को सुरक्षित करने के लिए डॉक्टरों को कई जटिल सर्जरी करनी पड़ रही हैं।
सोहेल की दोस्त लूना नुनेज ने बताया कि सोहेल एक बेहद समर्पित पति और पिता हैं, जो अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए अमेरिका में कड़ी मेहनत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस भयानक नफरती अपराध (हेट क्राइम) ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि सोहेल के पास कोई हेल्थ इंश्योरेंस (स्वास्थ्य बीमा) नहीं है।
अस्पताल की इमरजेंसी केयर, लगातार हो रही सर्जरी और आगे चलने वाली लंबी फिजिकल थेरेपी का खर्च बहुत ज्यादा है। सोहेल अपने घर के अकेले कमाने वाले सदस्य हैं, ऐसे में उनके अस्पताल में होने के कारण पत्नी और बच्चों के सामने गहरा आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है। सोहेल के भारी-भरकम मेडिकल बिलों के भुगतान में मदद के लिए उनके दोस्तों ने एक ‘GoFundMe’ (क्राउडफंडिंग) पेज शुरू कर के लोगों से आर्थिक मदद की अपील की है।













