
आगरा। ताजनगरी आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद मकान से उठी तेज दुर्गंध ने इलाके के लोगों के होश उड़ा दिए। अनहोनी की आशंका जताते हुए स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची ताजगंज पुलिस, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने जब दरवाजा का ताला तोड़ा तो अंदर का नजारा खौफनाक था। कमरे में 35 वर्षीय महिला की लहूलुहान लाश पड़ी हुई थी। वारदात के बाद से महिला का पति और उसके परिजन घर में ताला लगाकर फरार हैं, जिससे हत्या का शक उन्हीं पर गहरा गया है।
बंद कमरे से आ रही थी भयंकर दुर्गंध, लोगों ने पुलिस को दी खबर
घटना ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पेमा रोड, दरगाह अहमद बुखारी के पास स्थित फरहान खान (35) उर्फ आकू के मकान की है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे पड़ोसियों को फरहान के घर के अंदर से असहनीय दुर्गंध आने लगी। दो-तीन दिनों से मकान पर ताला लटका देखकर लोगों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ और उन्होंने तुरंत ताजगंज पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक साइंस यूनिट को बुलाकर जांच शुरू कराई।
भारी वस्तु से सिर कुचलकर हत्या, 3 घंटे की मशक्कत के बाद टूटा ताला
फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम के पहुंचने के बाद जब कमरे का ताला तोड़ा गया, तो फर्श पर महिला का शव पड़ा मिला। शुरुआती जांच में महिला के सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार के गहरे निशान मिले हैं, जिससे साफ होता है कि उसकी बेहद बेरहमी से हत्या की गई है। शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या 2-3 दिन पहले की गई थी। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है और मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
झांसी से लाया था दूसरी पत्नी, पहली को छोड़ चुका था आरोपी
स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी फरहान संजय पैलेस स्थित एक होटल में काम करता है। वह शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता है, लेकिन उसने अपनी पहली पत्नी को छोड़ दिया था। करीब डेढ़ महीने पहले वह झांसी से उज़मा (उज़ेबा) नाम की महिला को लेकर आगरा आया था और उसे अपनी दूसरी पत्नी बताकर इसी मकान में रह रहा था। उज़मा भी पहले से शादीशुदा थी और उसके भी दो बच्चे थे, जिन्हें फरहान कुछ दिन पहले ही झांसी छोड़कर आया था।
पारिवारिक कलह में कत्ल की आशंका, आरोपी पति की तलाश में दबिश
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मृतका की शिनाख्त उज़ेबा (35) के रूप में हुई है, जो पिछले डेढ़ महीने से फरहान के साथ रह रही थी। घटना के बाद से आरोपी फरहान और उसके परिवार के लोग फरार हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद या आपसी कहासुनी का लग रहा है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं और कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।








