आतंकी फंडिंग मामले में मौलाना मीर कासमी को एनआईए का समन

श्रीनगर, (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने आतंकी फंडिंग मामले में प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान और रेक्टर डार उल उलूम रहीम्या बांदीपोरा मौलाना रहमतुल्ला मीर कासमी को बुधवार को समन भेजा है। आज ही तलब किए गए कासमी श्रीनगर स्थित एनआईए कार्यालय पहुंचे हैं।

बुधवार को एक अधिकारी ने बताया कि एनआईए आईपीसी की धारा 120बी और 153ए के तहत यूए (पी) अधिनियम 1967 के कई धाराओं के तहत धन जुटाने, इस धन का इस्तेमाल गैरकानूनी गतिविधियों में करने और जम्मू-कश्मीर के युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के मामले में जांच कर रही है। एनआईए के समन में कहा गया कि, ‘ऐसा प्रतीत होता है कि आप इस मामले के तथ्यों से परिचित हैं। इस मामले से संबंधित कुछ सवालों के जवाब देने के उद्देश्य से आपको एनआईए कैंप कार्यालय चर्च लेन सोनवार श्रीनगर में आज ही रिपोर्ट करने का निर्देश दिया जाता है।’ जानकारी के अनुसार इस समन पर मौलाना रहमतुल्ला मीर कासमी श्रीनगर स्थित एनआईए कार्यालय पहुंच गए हैं।

खबरें और भी हैं...