इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने हर माता-पिता को झकझोर कर रख दिया है। यहां जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी एक कार में चार साल की मासूम बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बच्ची काफी देर से लापता थी और जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो वह कार के अंदर बदहवास हालत में मिली। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद मां बेटी के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
खेलते-खेलते कार में बैठी, लॉक होने से घुट गया दम
दिल को दहला देने वाली यह घटना जूनी इंदौर थाना क्षेत्र की नंदनवन कॉलोनी की है। जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी में रहने वाले एक लोहा कारोबारी की चार वर्षीय बेटी हाजरा घर के बाहर खेल रही थी। खेलते-खेलते वह अचानक घर के बाहर ही खड़ी एक कार का गेट खोलकर अंदर जाकर बैठ गई। आशंका जताई जा रही है कि अंदर बैठने के बाद कार का गेट अचानक बंद हो गया और वह अंदर ही सो गई। इस समय उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप है, ऐसे में कड़ी धूप में खड़ी कार के अंदर का तापमान कुछ ही मिनटों में भट्टी जैसा हो गया। कार पूरी तरह बंद होने के कारण ऑक्सीजन खत्म हो गई और मासूम हाजरा ठीक से सांस नहीं ले पाई, जिससे दम घुटने से उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
परिजनों ने समझा सो रही है, अस्पताल पहुंचे तो उड़ गए होश
काफी देर तक जब हाजरा घर नहीं लौटी और आसपास कहीं दिखाई नहीं दी, तो परिवार वाले घबरा गए। उन्होंने नंदनवन कॉलोनी की गलियों और आसपास के घरों में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद अचानक किसी की नजर घर के बाहर खड़ी कार पर गई, तो हाजरा अंदर सोती हुई नजर आई। पहले तो परिजनों ने राहत की सांस ली कि बच्ची मिल गई है, लेकिन जैसे ही उन्होंने कार का गेट खोलकर उसे उठाने की कोशिश की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्ची पूरी तरह बेसुध हो चुकी थी। परिजन तुरंत उसे गोद में उठाकर अस्पताल की तरफ दौड़े, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा या साजिश? हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
अस्पताल प्रबंधन की सूचना मिलते ही जूनी इंदौर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बच्ची के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे से नंदनवन कॉलोनी के लोग सदमे में हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह महज एक लापरवाही और दर्दनाक दुर्घटना है या फिर इसके पीछे किसी की सोची-समझी साजिश थी। फिलहाल, पुलिस कार की भी फॉरेंसिक जांच करा रही है।












