
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बेहद दिलचस्प और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां आईटी पार्क इलाके में रहने वाली एक महिला के घर से करीब एक साल पहले सोने और हीरे के लाखों रुपये के जेवर चोरी हो गए थे। शातिर नौकरानी ने चोरी के बाद मालकिन के साथ खुद पुलिस स्टेशन जाकर ऐसा ड्रामा रचा कि मालकिन को उस पर पूरा भरोसा हो गया। लेकिन कहते हैं कि ‘अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कोई न कोई सबूत छोड़ ही जाता है।’ इस मामले में नौकरानी की एक छोटी सी गलती भारी पड़ गई। मालकिन ने जब नौकरानी का व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील (Instagram Reel) देखी, तो उनके होश उड़ गए; नौकरानी रील में वही चोरी के महंगे जेवर पहनकर ठुमके लगा रही थी। राजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी नौकरानी को गिरफ्तार कर लिया है।
एक साल पहले उड़ाए थे हीरे के जेवर, शक होने पर मालकिन के साथ खुद पहुंची थी थाने
पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में सिक्का किमाया ग्रीन (दून आईटी पार्क) निवासी नितिशा वत्स ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व जब वह दून रिपब्लिक अपार्टमेंट (भागीरथी पूरम, जाखन) में रहती थीं, तब उनके घर से दो हीरा जड़ित अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक कीमती हीरा जड़ित पेंडेंट अचानक गायब हो गए थे। उस वक्त उन्हें अपने घर में काम करने वाली डोमेस्टिक हेल्पर (घरेलू सहायिका) विमला देवी पर शक हुआ था। लेकिन जब उन्होंने विमला से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने साफ मना कर दिया। शातिर नौकरानी ने मालकिन का भरोसा जीतने के लिए खुद पुलिस में शिकायत करने की बात कही और नितिशा के साथ खुद जाखन पुलिस चौकी तक गई। विमला के इस आचरण को देखकर मालकिन को लगा कि वह बेकसूर है और गहने कहीं और खो गए हैं।
सोशल मीडिया पर रील बनाना पड़ा भारी, मालकिन ने देखते ही पहचाने अपने गहने
चोरी की इस गुत्थी का खुलासा सोशल मीडिया के जरिए हुआ। शिकायतकर्ता नितिशा ने बताया कि 29 जून की सुबह उन्होंने अचानक अपनी नौकरानी विमला देवी का व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील देखी। रील में विमला जो आभूषण पहनकर वीडियो बना रही थी, वे हूबहू नितिशा के चोरी हुए हीरे और सोने के जेवर थे। अपनी आंखों पर यकीन होते ही नितिशा को पूरा माजरा समझ आ गया कि जिस पर उन्होंने भरोसा किया, उसी ने उनकी पीठ में छुरा घोंपा था। नितिशा ने तुरंत इसकी शिकायत जाखन पुलिस चौकी और राजपुर थाने में दर्ज कराई।
₹10 लाख के जेवर बरामद, एसएसपी ने पुलिस टीम को दिया इनाम
मामले की संवेदनशीलता और अनोखे खुलासे को देखते हुए देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को जोहड़ी रोड से आरोपी महिला विमला देवी को धर दबोचा। पुलिस ने जब उसकी निशानदेही पर तलाशी ली, तो उसके पास से चोरी का एक हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामद किए गए इन सभी आभूषणों की कुल बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस शानदार और त्वरित खुलासे को लेकर एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है।
लॉकर देखकर डोला था ईमान, महंगे होने के कारण बेच नहीं पाई आभूषण
पुलिसिया पूछताछ में आरोपी विमला देवी (मूल निवासी लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी बापू नगर, जाखन) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर पर साफ-सफाई और काम करती थी। इस दौरान उसने कई बार घर के लॉकर में रखे बेहद महंगे और चमचमाते जेवर देखे थे, जिन्हें देखकर उसके मन में लालच आ गया। मौका मिलते ही उसने लॉकर साफ कर दिया और मालकिन को झांसा देने के लिए खुद पुलिस के पास चली गई ताकि कोई उस पर शक न करे। विमला ने यह भी खुलासा किया कि उसने इन गहनों को बाजार में बेचने की कई बार कोशिश की, लेकिन हीरे के अत्यधिक महंगे आभूषण होने के कारण कोई भी सुनार उन्हें बिना पक्के बिल के खरीदने को तैयार नहीं हुआ। विमला को कोर्ट में पेश कर आगे की जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।












