इंडोनेशिया के आचेह प्रांत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्रेमी जोड़े को बिना शादी के एक-दूसरे को किस (Kiss) करने और उसका लाइव वीडियो बनाने की ऐसी खौफनाक सजा मिली, जिसे सुनकर ही रूह कांप जाए। इस युवा कपल को शरिया कानून के उल्लंघन के आरोप में सैकड़ों लोगों की भीड़ के सामने बेरहमी से बेंत (कोड़े) मारने की सजा दी गई। यह पूरी घटना तब शुरू हुई जब यह कपल फरवरी महीने में एक कार के भीतर बैठकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक (TikTok) पर लाइवस्ट्रीमिंग कर रहा था।
पार्क में 100 लोगों के सामने बरसाए गए 21-21 बेंत
यह खौफनाक मंजर बांदा आचेह के बुस्तानससलातिन सिटी पार्क में देखने को मिला। यहां 22 साल के युवक और 25 साल की युवती को मंच पर खड़ा करके पीठ पर ताबड़तोड़ 21 बार बेंत से मारा गया। इस दर्दनाक और बर्बर सजा को देखने के लिए पार्क में करीब 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ जमा थी। हैरान करने वाली बात यह रही कि दर्द से कराहते इस कपल को देखकर भीड़ में मौजूद कुछ कट्टरपंथी लोग जल्लाद से मांग कर रहे थे कि उन्हें और ज्यादा तेजी से बेंत मारे जाएं।
टिकटॉक पर लाइव होना बना गले की फांस, अप्रैल में हुए थे गिरफ्तार
दरअसल, फरवरी में कार के अंदर किस करने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया था। टिकटॉक लाइवस्ट्रीम का यह वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई, जिसके बाद लोगों ने शरिया अधिकारियों के पास कपल की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शरिया पुलिस ने अप्रैल महीने में इस जोड़े को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त पुलिस अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इन्होंने साफ तौर पर इस्लामिक शरिया कानूनों की धज्जियां उड़ाई हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
जेल में गुजारे 4 महीने, इसलिए 25 कोड़ों की सजा हुई 21
सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद इस प्रेमी जोड़े को करीब 4 महीने तक कालकोठरी में रखा गया था। इसके बाद स्थानीय शरिया अदालत ने दोनों को दोषी करार देते हुए 25-25 कोड़े मारने का फरमान सुनाया था। हालांकि, कानून के मुताबिक दोनों पहले ही 4 महीने जेल की सजा काट चुके थे, इसलिए कोर्ट ने उनकी सजा में थोड़ी रियायत देते हुए कोड़ों की संख्या 25 से घटाकर 21 कर दी। इसके साथ ही अदालत ने उस मोबाइल फोन और यूएसबी ड्राइव को भी जब्त कर लिया है जिसमें वह आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड था, और उसे पूरी तरह नष्ट करने का आदेश जारी किया।
जानिए क्यों बेहद खतरनाक है इंडोनेशिया के इस प्रांत का कानून?
आपको जानकर हैरानी होगी कि इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश जरूर है, लेकिन आचेह वहां का एकमात्र ऐसा प्रांत है जहां पूरी तरह से कट्टर इस्लामिक शरिया कानून लागू है। इस प्रांत में नैतिक आचरण को लेकर बेहद कड़े और सख्त नियम हैं। आचेह में जुआ खेलने, रेप, यौन उत्पीड़न, शादी से पहले या शादी के बाहर किसी भी तरह के शारीरिक या अंतरंग संबंध बनाने, समलैंगिकता और शराब पीने, बनाने या बेचने जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह पाबंदी है। इन नियमों को तोड़ने वाले अपराधियों को इसी तरह सरेआम कोड़े मारकर प्रताड़ित करने का प्रावधान है।














