
नई दिल्ली(ईएमएस)। यदि वायनाड में उपचुनाव होते हैं तो वहां से प्रियंका गांधी उम्मीदवार हो सकती हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल के वायनाड के दौरे पर गए। इस दौरे में उनके साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी थीं। दोनों के साथ जाने के बाद सियासी हलकों में कई तरह की चर्चा शुरू हो गई। बता दें कि राहुल गांधी वायनाड से लोकसभा सांसद रहे हैं, जिनकी सदस्यता पिछले दिनों मानहानि के मामले में सजा पाने के बाद रद्द हो गई। अभी तक राहुल को उस सजा में राहत नहीं मिली है। अगर अगले कुछ हफ्तों में राहत नहीं मिलती है तो चुनाव आयोग को वहां उपचुनाव कराना पड़ सकता है। तब राहुल गांधी उम्मीदवार भी नहीं बन पाएंगे। ऐसे में प्रियंका गांधी के वहां राहुल के साथ जाने के बाद कयास लगने शुरू हो गए हैं कि अगर उपचुनाव की नौबत आती है तो ऐसी सूरत में प्रियंका गांधी उस सीट पर राहुल के बदले चुनाव लड़ सकती हैं।
प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की बात पिछले कुछ समय से कांग्रेस हलकों में अलग वजहों से भी चल रही थी। चर्चा हो रही थी कि 2024 में वह अपनी मां सोनिया गांधी की सीट रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं। इसे सोनिया गांधी के स्वास्थ्य से जोड़कर देखा जा रहा था। लेकिन राहुल की सांसदी जाने के बाद वह चर्चा पीछे छूट गई है। दरअसल, जब से राहुल गांधी को सजा मिली है, वह इस मुद्दे पर कानूनी रास्ता अपनाने के बजाय लोगों के बीच जाकर अपना पक्ष रखने में ज्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं। उन्होंने बतौर सांसद मिला सरकारी आवास भी छोड़ दिया है और वह सोनिया गांधी के साथ रहने चले गए हैं। हालांकि, क्या वाकई प्रियंका गांधी वायनाड में राहुल गांधी के बदले उपचुनाव लड़ेंगी इस बात का फैसला पार्टी और प्रियंका मिल कर ही लेंगे।














