उमेश पाल की हत्या के बाद शुरू हुई अतीक के अतीत बनने की कहानी, हत्या के पीछे कहीं आईएसआई-लश्कर कनेक्शन तो नहीं!

पुलिस कस्टडी में अतीक ने स्वीकारा था पाकिस्तान, आईएसआई, लश्कर के साथ अंडरवर्ल्ड से भी रिश्ते


लखनऊ। माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को शनिवार रात प्रयागराज में मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी बीच मीडिया कर्मी बनकर पहुंचे तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करके अतीक व अशरफ की हत्या कर दी। इस घटना को पाकिस्तान, आईएसआई और लश्कर के साथ ही अंडरवर्ल्ड से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक जब से जेल में बंद अतीक ने पाकिस्तान, आईएसआई और लश्कर समेत अपने अंडरवर्ल्ड के कई कनेक्शन होने की बात स्वीकारी थी तभी से उस पर खतरा बढ़ने लगा था। अतीक ने पुलिस के सामने स्वीकार किया था कि उसके संबंध आतंकी संगठन लश्कर और आईएसआई से हैं। उसके पाकिस्तान से हथियार भी मंगवाने की बात कही जा रही है। सूत्रों ने यह भी बताया है कि पंजाब में ड्रोन से जो भी हथियार गिराए जाते थे, उन्हें अतीक के खरीदने की बातें भी सामने आई हैं। सूत्रों ने बताया है कि पंजाब, कश्मीर, दिल्ली से लेकर यूपी तक कई बड़े अपराधियों और सफेदपोश के इस नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। जेल में बंद अतीक की हजारों करोड़ की संपत्ति पर भी इनकी नजर थी। यह भी आशंका थी कि अतीक आईएसआई, लश्कर, पाकिस्तान समेत अंडरवर्ल्ड के इंडियन कनेक्शन का बहुत बड़ा राज खोलने वाला था। इसी राज को राज रखने के लिए ही अतीक व अशरफ की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सफेदपोश और रियल स्टेट के कारोबारियों पर भी नजर

सूत्रों के मुताबिक बड़ी संख्या में कई ऐसी सेल कंपनियों के बारे में अतीक अहमद ने खुलासे किए थे, जिन्होंने रियल एस्टेट के कारोबार में उसके पैसे खपाए थे। इनके अलावा कई सफेदपोश पुलिस के निशाने पर आने वाले थे, जिनके नाम अतीक अहमद ने पुलिस की पूछताछ में उगले थे। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के नाम भी सुनने में आ रहे हैं। गरीब मजदूरों की जमीनों पर कब्जा कर उन्हें बड़े-बड़े बिल्डरों के हवाले करने में अतीक और उसके भाई अशरफ माहिर थे। यही वजह रही है कि योगी सरकार के अतीक के साम्राज्य के करीब 12 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त कर लेने के बाद भी उस पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा।

उमेश पाल की हत्या के बाद शुरू हुई अतीक के अतीत बनने की कहानी

बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की 24 फरवरी को हत्या के बाद अतीक अहमद का पतन शुरू हो गया। अतीक के बेटे असद और उसके साथी शूटर गुलाम मोहम्मद का झांसी में एनकाउंटर हुआ। इसके बाद प्रयागराज में खुलेआम अतीक और अशरफ की हत्या कर दी गई। दोनों बड़े बेटे जेल में तो पत्नी शाइस्ता परवीन फरार है।

खबरें और भी हैं...