एक्शन : एनआईए ने पीएफआई का ट्रेनिंग सेंटर चलाने वाले स्कूल के दो मंजिलें की जब्त

मुंबई, (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने प्रतिबंधित पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के ट्रेनिंग सेंटर चलाने वाले पुणे के एक स्कूल की दो मंजिलें जब्त कर ली हैं। एनआईए सूत्रों ने दावा किया है कि पीएफआई मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें हमलों के लिए प्रशिक्षित करने के लिए इसी स्कूल के दो मंजिलों में शिविर आयोजित कर रहा था।

एनआईए ने सोमवार को प्रेस बयान जारी कर बताया कि पीएफआई की ओर पुणे के ब्लू बेल स्कूल बिल्डिंग की चौथी और पांचवीं मंजिल का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों की योजना बनाने और तैयार करने के लिए किया गया था। पीएफआई मुस्लिम युवकों की भर्ती कर रहा था और उन्हें 2047 तक देश में इस्लामिक शासन की स्थापना का विरोध करने वालों को मारने या हमला करने के लिए सशस्त्र और निहत्थे प्रशिक्षण दे रहा था। एनआईए ने पिछले साल 22 सितंबर को स्कूल परिसर की दो मंजिलों की तलाशी ली थी। जब्त किए गए कुछ दस्तावेजों के अनुसार, यह पाया गया कि अभियुक्तों ने संपत्ति का इस्तेमाल कैडरों के लिए हथियारों के प्रशिक्षण के लिए किया था। नए भर्ती किए गए पीएफआई कैडरों को प्रमुख नेताओं पर हमला करने और मारने के लिए चाकू, दरांती आदि जैसे खतरनाक हथियारों का इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण दिया गया था।

दरअसल पिछले वर्ष ही एनआईए की टीम ने देश में कई जगह एक साथ छापा मारकर पीएफआई के लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मिले इनपुट के आधार पर एनआईए ने पुणे के ब्लू बेल स्कूल की भी तलाशी ली थी।

खबरें और भी हैं...