एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जनपद स्थित अवागढ़ थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां घर में सो रही एक महिला के साथ गांव के ही एक युवक ने जबरन दुष्कर्म (रेप) का प्रयास किया। आरोप है कि विरोध करने पर बेखौफ आरोपी ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए महिला को बिजली का करंट लगा दिया। जब महिला बेसुध हो गई, तो उसने जूते के फीते से गला घोंटकर उसकी जान लेने की भी कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी और घायल पीड़िता को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रात में घर में घुसा आरोपी, मासूम बच्चे के रोने पर खुला खौफनाक राज
पीड़ित परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार की रात महिला अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला आरोपी सनी यादव पीछे के दरवाजे से चुपके से घर में दाखिल हो गया और महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। महिला ने जब हिम्मत दिखाकर विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और बिजली का तार लगाकर उसे करंट का जोरदार झटका दे दिया। इसके बाद आरोपी ने जूते के फीते से उसका गला कस दिया।
इसी दौरान महिला का 5 साल का मासूम बेटा जाग गया और मां को तड़पता देख जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य तुरंत मौके की ओर दौड़े। घर वालों को आता देख आरोपी सनी यादव मौके से फरार हो गया। स्वजन जब कमरे में पहुंचे तो महिला अचेत और मरणासन्न हालत में पड़ी थी।
आगरा हायर सेंटर रेफर, जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही पीड़िता
घटना की सूचना मिलते ही अवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगरा के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जहां एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस एक्शन मोड में: आरोपी पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज, तलाश में दबिश जारी
मामले में पीड़िता के जेठ की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सनी यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder), मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास समेत कई अन्य संगीन धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) श्वेता पांडे ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।









