
कन्नौज। उत्तर प्रदेश में कन्नौज जिले के छिबरामऊ में जहरीली शराब पीने से पिता पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कसावा चौकी क्षेत्र के कठाहार गांव में जसकरन के घर रविवार को मैनपुरी जिले के रामनगर निवासी पुष्पेंद्र आया था। इस दौरान जसकरन ने रिश्तेदार की खातिरदारी के लिए ठेके से देसी शराब मंगाई और देर शाम जसकरन,उसके लड़के अमित, चाचा राकेश और रिश्तेदार पुष्पेंद्र ने जमकर शराब पी।
ग्रामीणों के मुताबिक शराब पीने के कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गये लेकिन अमित और उसके चाचा राकेश की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं, अमित के पिता जसकरन और रिश्तेदार पुष्पेंद्र को गंभीर हालत में मिनी पीजीआई सैफई ले जाया गया। जहां, इलाज के दौरान जसकरन की भी मौत हो गई।
मृतक अमित की पत्नी आरती ने गांव के ही युवक आशिक और प्रांशु पर शराब में मिलावट करने का आरोप लगाया है। आरती ने बताया कि जब उनकी हालात बिगड़ने लगी तो अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, प्रभुदयाल ने बताया कि जहरीली शराब पीने से उनके भाई जसकरन, भतीजे अमित और चचेरे भाई राकेश की मौत हो गई है।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ विनोद कुमार, सीओ शिव कुमार थापा, कोतवाल जय प्रकाश शर्मा गांव पहुंचे और परिजनों से मामले की जानकारी ली। एसपी अरविंद कुमार ने कहा कि मामले की जांच पड़ताल चल रही है। अमित की पत्नी के आरोपों पर भी गहनता से जांच हो रही है। शराब में जहरीला पदार्थ मिलाने के मामले पर भी आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।












