कलयुगी पिता की खौफनाक साजिश: प्रॉपर्टी विवाद में सगे बेटे को उतारा मौत के घाट, अब सलाखों के पीछे

नोएडा/कासना। गौतमबुद्ध नगर के थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिस 13 वर्षीय मासूम सुधांशु उर्फ समर की तलाश में पूरा परिवार और पुलिस जुटी थी, उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके सगे पिता ने ही की थी। शुक्रवार को बच्चे का शव गांव के पास एक तालाब से बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ा दिए।

लापता बच्चे की तलाश और पुलिस को गुमराह करने का खेल

घटना की शुरुआत 7 मई को हुई, जब सिरसा गांव के निवासी मोहित भाटी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनका 13 वर्षीय भतीजा सुधांशु 6 मई की रात से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान एक अहम सुराग मिला—लापता बच्चा आखिरी बार अपने पिता प्रदीप के साथ कार में सवार होकर जाता हुआ दिखाई दिया था। शक होने पर पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। पहले उसने दावा किया कि बच्चा उसके दोस्त के घर गुलिस्तानपुर में है, लेकिन वहां जाने पर पुलिस को कुछ नहीं मिला।

प्रॉपर्टी विवाद में रची खौफनाक साजिश: अपनों को फंसाने के लिए दी बेटे की बलि

शुक्रवार को पुलिस ने ग्राम सिरसा के पास एक तालाब से सुधांशु का शव बरामद किया। शव मिलते ही जब पुलिस ने प्रदीप से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी पिता ने बताया कि परिवार में लंबे समय से प्रॉपर्टी का विवाद चल रहा था। अपने भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों को जेल भिजवाने और उन्हें हत्या के झूठे मामले में फंसाने के लिए उसने अपने ही मासूम बेटे की बलि दे दी।

प्रदीप ने स्वीकार किया कि उसने खुद अपने बेटे की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है और हर कोई पिता की इस क्रूरता की निंदा कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment