कसाई बना सगा भाई! 3 कमरे के फ्लैट के लिए विधवा बहन का मर्डर, लाश के टुकड़े कर टॉयलेट में बहाया; खौफनाक है मॉस्को की ये वारदात

चंद रुपयों और जायदाद की हवस इंसान को किस हद तक अंधा और हैवान बना सकती है, इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। महज एक तीन कमरे के आलीशान फ्लैट को अकेले हड़पने की चाहत में एक कलयुगी भाई जल्लाद बन गया। उसने पहले तो अपनी सगी विधवा बहन से बुरी तरह झगड़ा किया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, मर्डर के बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए भाई ने जो किया, उसे सुनकर रूह कांप जाएगी। उसने कैंची से अपनी ही बहन की लाश के छोटे-छोटे टुकड़े किए और उन्हें एक-एक कर टॉयलेट सीट में फ्लश करना शुरू कर दिया।

टॉयलेट में फ्लश कर रहा था लाश, बड़े अंगों को प्लास्टिक थैली में भरा

आरोपी भाई ने शव को इस तरह गायब करने की साजिश रची थी कि किसी को कानों-कान भनक न लगे। उसने बहन की कटी हुई लाश के कई हिस्सों को टॉयलेट में डालकर बहा दिया। हालांकि, शरीर के जो अंग बड़े थे और टॉयलेट सीट में फ्लश नहीं हो पा रहे थे, उन्हें उसने बेहद शातिर तरीके से एक बड़ी प्लास्टिक की थैली में भरकर रख लिया। अंदेशा जताया जा रहा है कि वह या तो उन्हें कहीं दूर फेंकने की फिराक में था या फिर उन्हें बाजार में बेचने की कोई घिनौनी साजिश रच रहा था। लेकिन, इससे पहले कि वह अपने इस खौफनाक मंसूबे को अंजाम दे पाता, कानून के लंबे हाथ उसके गिरेबान तक पहुंच गए।

दफ्तर के साथियों को हुआ शक, पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो उड़ गए होश

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले ‘मर्डर मिस्ट्री’ का खुलासा तब हुआ जब मृतका के ऑफिस के सहकर्मियों को कुछ अनहोनी का शक हुआ। महिला जब कई दिनों तक ऑफिस नहीं पहुंची और उसका फोन भी लगातार बंद आने लगा, तो परेशान सहकर्मी सीधे पुलिस को लेकर उसके घर पहुंच गए। पुलिस ने जब घर की घंटी बजाई, तो अंदर मौजूद आरोपी घबरा गया और सबूत मिटाने की आपाधापी में दरवाजा खोलने में देरी करने लगा। शक गहराने पर पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का मंजर किसी हॉरर फिल्म से भी ज्यादा खौफनाक था। पुलिस ने आरोपी भाई को रंगे हाथों लाश के टुकड़े फ्लश करते और सबूत मिटाते हुए दबोच लिया।

ढाई करोड़ का फ्लैट बना काल, पहले करंट देकर मारने की रची थी साजिश

‘द सन’ की रिपोर्ट के अनुसार, मॉस्को में हुई इस वारदात की शिकार 57 वर्षीय स्लेवेंता थी, जो पति की मौत के बाद अपने मायके वाले इसी घर में रह रही थी। पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि 55 वर्षीय आरोपी भाई दिमित्री को अपनी बहन का इस घर में रहना फूटी आंख नहीं सुहाता था। वह उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था, यहाँ तक कि उसका खाना तक चुराकर खा जाता था। हद तो तब हो गई जब कुछ समय पहले दिमित्री ने अपनी बहन को करंट देकर जान से मारने की कोशिश भी की थी, लेकिन तब वह बाल-बाल बच गई थी।

माता-पिता की वसीयत ने भाई को बनाया हैवान

जांच में सामने आया है कि जिस 3 कमरे के फ्लैट में दोनों भाई-बहन रह रहे थे, वह उनके दिवंगत माता-पिता का था। इस आलीशान फ्लैट की मौजूदा कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। माता-पिता ने अपनी वसीयत में यह घर दोनों बच्चों के नाम आधा-आधा किया था। इसी ढाई करोड़ के फ्लैट को पूरी तरह से हथियाने के लालच में भाई ने अपनी इंसानियत का कत्ल कर दिया और कसाई बन बैठा। पुलिस ने घर से महिला के अंगों से भरी प्लास्टिक की थैली और कत्ल में इस्तेमाल हथियार बरामद कर आरोपी दिमित्री को जेल भेज दिया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment