कानपुर कचहरी में हाईवोल्टेज ड्रामा: महिला ने 30 सेकेंड में वकील को जड़े 7 थप्पड़, चोटी खींचने पर भड़का गुस्सा, फिर वकीलों ने…. 

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर न्यायालय परिसर में सोमवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्लगी और जुदाई के एक अजीबो-गरीब मामले में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुराने रिश्तों में आई खटास और ब्लैकमेलिंग के आरोपों के बीच एक महिला ने बीच कचहरी में एक अधिवक्ता (वकील) के गाल पर थप्पड़ों का मानसून बरसा दिया। साथी वकील की सरेआम पिटाई देख मौके पर वकीलों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया। इसके बाद वकीलों के झुंड ने महिला और उसके पैरोकार साथी की जमकर धुनाई कर दी। गनीमत रही कि सही वक्त पर पहुंची पुलिस ने दोनों को भीड़ के चंगुल से बचाकर कचहरी चौकी में सुरक्षित किया। सरेआम थप्पड़ खाने से शर्मसार पीड़ित वकील ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई है।

अधिवक्ता ने खींची चोटी तो महिला ने 30 सेकेंड में सिखाया सबक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कचहरी परिसर में अंबेडकर गेट के ठीक सामने इस पूरे ड्रामे की शुरुआत हुई। पुलिस सुरक्षा में मौजूद पीड़ित महिला मालिनी सोनकर (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उसे पुराने विवाद में समझौते के लिए कचहरी बुलाया गया था। जब बात नहीं बनी, तो वह अपने पैरोकार वकील के साथ वापस लौटने लगी। इसी दौरान पीछे से आए अधिवक्ता धवन गौतम (काल्पनिक नाम) ने भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मालिनी की चोटी पकड़कर खींच दी और मारपीट का प्रयास किया। इस हरकत पर महिला का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने आव देखा न ताव, महज 30 सेकेंड के भीतर धवन गौतम को एक के बाद एक 7 तमाचे जड़ दिए।

बीच-बचाव करने उतरे दूसरे वकील पर भी बरसे लात-घूंसे

धवन को थप्पड़ पड़ते देख मौके पर मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने उन्हें किसी तरह बचाया, लेकिन मालिनी के साथ आए सुवीर श्रीवास्तव नामक शख्स ने बीच में कूदकर अपशब्द कहना शुरू कर दिया। वहां मौजूद तमाम वकीलों ने सुवीर को समझाने और शांत रहने को कहा, लेकिन जब वह नहीं माने तो वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद वकीलों के दूसरे खेमे ने सुवीर और महिला पर थप्पड़ों और लात-घूंसों की बारिश कर दी। कचहरी में अचानक हुई इस मारपीट से हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।

5 साल की दोस्ती, लाखों के गहने और ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल

स्मॉल आर्म्स फैक्ट्री के एक कर्मचारी की पत्नी मालिनी सोनकर का दावा है कि कर्नलगंज में रहने के दौरान अधिवक्ता धवन गौतम का उनके परिवार में आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई जो वक्त के साथ काफी गहरी हो गई। मालिनी का संगीन आरोप है कि धवन ने 3 साल के रिश्तों के दौरान खींची गई तस्वीरों के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। समाज में इज्जत बचाने की खातिर मालिनी ने लाखों रुपये के सोने के गहने धवन के हवाले कर दिए।

तंग आकर जब महिला ने धवन से दूरी बनानी शुरू की, तो कुछ दिन पहले आरोपी ने मालिनी के रिश्तेदारों को एडिटेड वीडियो और तस्वीरें भेजकर उन्हें बदनाम कर दिया। इस मामले में मालिनी ने पहले बजरिया थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद परिजनों ने धवन को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की थी, लेकिन विवाद थमा नहीं।

तहरीर के बाद मामले को दबाने और समझौते में जुटे कानूनी पंडित

महिला के हाथों सरेआम बेइज्जत होने के बाद धवन गौतम ने अपने साथियों के साथ मिलकर कोतवाली थाने में मालिनी और सुवीर श्रीवास्तव के खिलाफ नामजद तहरीर दी है और उर्सला अस्पताल जाकर अपना मेडिकल परीक्षण कराया है। कचहरी परिसर में वकीलों के बीच ‘महिला कनेक्शन’ और मारपीट की खबर फैलते ही बार एसोसिएशन और तमाम दिग्गज अधिवक्ता मामले को दबाने में जुट गए हैं। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पैचअप और समझौते के लिए बंद कमरों में बातचीत का दौर जारी रहा। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया था और जांच की बात कह रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha