कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के देवीपुर डेरा में पांच वर्षीय मासूम बच्चे के साथ कुकर्म के बाद गला घोंटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश कर दिया।
आम तोड़ने का लालच देकर सुनसान जगह ले गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, घटना दो अगस्त की शाम करीब सात बजे की है। पांच वर्षीय मासूम बच्चा अपनी बहनों के पीछे-पीछे गांव के बाहर स्थित स्कूल की ओर गया था। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले आरोपी अंकित उर्फ महावीर उर्फ काड़ा (25) की नजर उस पर पड़ी। आरोपी मासूम को आम तोड़कर देने का झांसा देकर सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने मासूम के साथ कुकर्म किया और घटना का भंडाफोड़ होने के डर से दोनों हाथों से गला दबाकर बच्चे की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया।
शातिर दिमाग: शव की तलाश में ग्रामीणों के साथ घूमता रहा दरिंदा
जब बच्चा काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। आरोपी की चालाकी तो देखिए, वह भी ग्रामीणों के साथ बच्चे को ढूंढने का नाटक करने लगा ताकि उस पर किसी को शक न हो। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद ही झाड़ियों के पास पहुंचा और शव उठाकर ग्रामीणों के बीच ले आया ताकि वह खुद को अनजान साबित कर सके। परिजन आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम में हुई गला घोंटने की पुष्टि, पॉक्सो ऐक्ट में मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए फोरेंसिक जांच के लिए जरूरी नमूने सुरक्षित किए गए। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या, कुकर्म और पॉक्सो (POCSO) ऐक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मंगलवार तड़के कांधी ओवरब्रिज के पास से दबोचा गया आरोपी
एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देश पर सीओ सिकंदरा के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, ग्रामीणों से पूछताछ और सर्विलांस टीम की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने मंगलवार तड़के आरोपी अंकित उर्फ महावीर को कांधी ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी का बयान
“घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी को मौके पर भेजकर गहन छानबीन कराई गई थी। मामले के जल्द खुलासे के लिए सीओ सिकंदरा के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गई थीं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, स्थानीय पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। मंगलवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।” — श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एसपी (कानपुर देहात)












