कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के चौबेपुर क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां ककरहा गांव में प्रेम विवाह के महज एक साल बाद ही एक पत्नी ने अपने पति की जान लेने की कोशिश की। आरोप है कि महिला ने सो रहे पति की गर्दन पर ब्लेड से ताबड़तोड़ कई वार किए। हैरत की बात यह है कि पति को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी पत्नी खुद थाने पहुंच गई और पति पर ही मारपीट का उल्टा आरोप मढ़ दिया।
नींद में था पति, पत्नी ने ब्लेड से रेती गर्दन
जानकारी के मुताबिक, ककरहा निवासी सूरज कठेरिया का सरिता उर्फ गोलू नाम की महिला के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक साल पहले ही दोनों ने लव मैरिज की थी। सूरज ने बताया कि पिछले तीन दिनों से सरिता किसी बात को लेकर लगातार झगड़ा कर रही थी। शनिवार को जब सूरज अपने घर में सो रहा था, तभी सरिता ने उसे जान से मारने की नीयत से ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। सूरज के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तब तक सरिता वहां से भाग चुकी थी।
लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती, आरोपी पत्नी का थाने में ड्रामा
गंभीर रूप से घायल सूरज को ग्रामीणों ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चौबेपुर में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद शातिर पत्नी सीधे चौबेपुर थाने जा पहुंची। वहां उसने पुलिस के सामने रोना रोया और दावा किया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है। हालांकि, इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूरज पर हुए कातिलाना हमले की जानकारी दे दी, जिससे महिला की पोल खुल गई।
पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल: “अगर पहले कार्रवाई होती तो न बहता खून”
घायल सूरज ने अस्पताल से पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूरज का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब सरिता ने उस पर हमला किया हो। बीती 13 अप्रैल को भी सरिता ने उसे बेरहमी से पीटा था और जान से मारने की धमकी दी थी। सूरज ने इसकी लिखित शिकायत चौबेपुर थाने में दी थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तब मामले को गंभीरता से नहीं लिया। सूरज के मुताबिक, पुलिस की इसी ढिलाई की वजह से सरिता के हौसले बुलंद हुए और उसने शनिवार को उसकी हत्या करने की कोशिश की।
पुलिसिया कार्रवाई और तहरीर
चौबेपुर थाना अध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि घायल पति सूरज की ओर से पत्नी सरिता के खिलाफ जानलेवा हमले की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और घायल के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इलाके में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है कि आखिर प्यार में शादी करने वाला यह जोड़ा इतनी जल्दी खून का प्यासा कैसे हो गया।













