
जींद : कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 82 दिन से जारी किसान आंदोलन पर राजनीति हावी होने लगी है। हालांकि शुरू से ही यह मुद्दा भाजपा और गैर भाजपा का बना हुआ है, लेकिन अब इस पर कांग्रेस की ऐसी राजनीति सामने आने लगी है, जिसे शर्मनाक ही कहा जाएगा। इसी बीच हरियाणा के जींद जिले से एक वीडियो सामने आया है। इसमें कांग्रेस के बैनर से दो बार विधानसभा चुनाव हार चुकीं कांग्रेस नेता विद्या रानी कार्यकर्ताओं को उकसाते हुई दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के लिए चल रहे धरनों पर शराब दान करनी चाहिए।
दरअसल, हरियाणा में कांग्रेस की नेता विद्या रानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विद्या रानी किसान आंदोलन में शराब दान करने की बात कह रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोगों के बीच मौजूद कांग्रेस नेता कहती हैं कि हम कई जगहों पर पदयात्रा करेंगे, जिससे हमारी पार्टी को नई जान मिलेगी। इससे हमारी पार्टी एक नए तरीके से जन्म लेगी।
विद्या ने कहा कि इस बार चुनाव में हम जो हारे हैं तो हमारा हौसला तो खत्म ही हो चुका है, लेकिन ये आंदोलन जो हमें मिला है ना। ये 26 तारीख को खत्म हो चुका था, लेकिन किसी न किसी तरह, क्योंकि किसान के इरादे मजबूत हैं…। ये दोबारा से खड़ा हुआ और इतनी मजबूती से खड़ा हुआ कि इसे हमें चलाना है। किसानों ने तो अपनी किसी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ी। हमें उनके साथ रहना है, उनकी मदद करनी है, ताकि आंदोलन जिंदा रहे। इतना ही नहीं वीडियो में साफ सुना व देखा जा सकता है कि वह किस तरह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसान आंदोलन में किसानों को शराब परोसने की बात कह रही हैं।
वीडियो में विद्या रानी कहती हैं, हर जगह उन्होंने अपने खाने-पीने का जितना हो सका अपना इंतजाम किया। मैं यही कहूंगी कि हर साथी की जितनी हिम्मत है चाहे वो पैसे-रुपए से दान कर सकता है, सब्जियों से दान कर सकता है, घी का दान कर सकता है, जैसे शराब का भी कर सकते हैं। अपनी तरफ से जिससे जो भी सहयोग बनता है करें और इस आंदोलन को बढ़ाएं। ये आंदोलन सिर्फ किसान का नहीं है, बल्कि यह आंदोलन हम सबका है और इसका फर्क हम सब पर पड़ेगा।
कौन है यह महिला?
विद्या रानी जींद जिले के गांव दनोदा की रहने वाली हैं। वह कांग्रेस के निशान पर पहले 2014 में तो फिर 2019 में नरवाना विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। दोनों ही बार हार गई थी।














