
बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। आमिर खान की सुपर-डुपर हिट फिल्मों ‘गजनी’ और ‘लगान’ में अपने दमदार अभिनय से घर-घर में पहचान बनाने वाले इस दिग्गज कलाकार के जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और फैंस सदमे में हैं। प्रदीप रावत के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई है और तमाम फिल्मी हस्तियां उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दे रही हैं।
ब्लड कैंसर से जंग हार गए अभिनेता
प्रदीप रावत के बिजनेस मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभिनेता पिछले 5 वर्षों से ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बीच में इलाज के दौरान उनकी स्थिति में काफी सुधार आया था, लेकिन कुछ महीनों पहले कैंसर ने दोबारा उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया। पिछले दो महीनों से उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था, जहां बीते कुछ दिनों से उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। आखिरकार मंगलवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार बुधवार को किए जाने की संभावना है।
सोनू सूद समेत कई हस्तियों ने जताया शोक
अभिनेता सोनू सूद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रदीप रावत की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि ‘प्रदीप रावत भाई, आपकी कमी हमेशा महसूस होगी।’ इसके अलावा टीवी एक्टर आयुषपाल शर्मा समेत कई अन्य कलाकारों ने भी उन्हें ‘गजनी’ के खूंखार विलेन और ‘लगान’ के ‘देवा’ के रूप में याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
साउथ से लेकर बॉलीवुड तक नेगेटिव किरदारों से बनाई अलग पहचान
प्रदीप रावत ने न सिर्फ हिंदी सिनेमा बल्कि तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में भी अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया था। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक यादगार और खूंखार निगेटिव किरदार निभाए। आमिर खान की फिल्म ‘गजनी’ में उनके द्वारा निभाया गया मुख्य खलनायक का रोल आज भी दर्शकों के दिलों-दिमाग में ताजा है। वहीं फिल्म ‘लगान’ में ‘देवा’ के किरदार से भी उन्होंने गहरी छाप छोड़ी थी। उनके चले जाने से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसा कलाकार खो दिया है, जिसकी स्क्रीन प्रेजेंस को हमेशा याद रखा जाएगा।












