
अगर आप नोएडा में रहते हैं या नोएडा आते जाते-रहते हैं तो ये खबर आपके काम की है. नोएडा में ट्रैफिक पुलिस सख्त हो गई है और बाइक हो या कार हर लापरवाही पर चालान काट रही है. जिससे बचने के लिए आपको कुछ खास बातों का पता होना जरूरी है जिसे आप अपनी जेब को हल्की होने से रोक सकते हैं.
अक्सर गाड़ी खराब हो जाने पर ज्यादातर लोग अपनी गाड़ी मैकेनिक के पास छोड़ देते हैं. लेकिन अगर आप भी ऐसा करते हैं तो खबरदार हो जाइए. क्योंकि मैकेनिक की एक लापरवाही से आपकी बाइक या कार का चालान कट सकता है. अगर बाज़ार, अस्पताल, सरकारी दफ्तर भी जा रहे हैं तो अलर्ट हो जाएं. कार-बाइक को यहां-वहां न छोड़ें. दरअसल, इन दिनों नोएडा ट्रैफिक पुलिस पार्किंग को लेकर सख्त अभियान चला रही है. जिससे पार्किंग में खड़े नहीं कर इधर-उधर खड़े वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं.
तो वहीं नोएडा ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी के मुताबिक अक्सर कार मैकेनिक गाड़ियों को रोड पर खड़ी कर अपना काम करते हैं. नोएडा के सेक्टर-28, 66, 16 और निठारी की ऑटो मार्केट में इसके चलते जाम लग जाता है. लेकिन इस सब से बेपरवाह मैकेनिक सड़क पर ही काम करते रहते हैं. लेकिन अब ट्रैफिक पुलिस ने सर्विस सेंटर और सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर रिपेयरिंग करने वाले वाहनों के चालान काटना शुरू कर दिया है.
साथ ही ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अगर आप अस्पताल जा रहे हैं तो बाहर सड़क पर गाड़ी पार्क करने से पहले यह ज़रूर चेक कर लें कि आपने अपना वाहन सही पार्किंग में खड़ा किया है या नहीं. क्योंकि वहां लगे कैमरों से अवैध पार्किंग पर नज़र रखी जा रही है. साथ ही कानून तोड़ने वालों के ई-चालान काटकर घर भेजे जा रहे हैं.
वहीं, नोएडा के बाज़ारों पर भी पुलिस से पैनी नज़र रखी हुई है. नोएडा के खास सेक्टर-18 के अट्टा और दूसरे बाज़ारों में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है. फिर भी लोग यहां-वहां अपने वाहन खड़े कर देते हैं. ऐेसे लोगों से निपटने के लिए पुलिस ई-चालान काट रही है. पुलिस का कहना है कि यहां पर लीगल पार्किंग बनी हुई है, इसलिए लोग यहां-वहां अपनी गाड़ी न खड़ी करें. अगर गाड़ी यहां-वहां खड़ी मिलती है तो पहली बार में उस गाड़ी का 500 रुपये का चालान काटा जाएगा. अगर इसके बाद फिर से नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी की जाती है तो हर बार 1500 रुपये का चालान काटा जाएगा. हालांकि नियम ये भी है कि अगर एक ही वाहन चालक बार-बार नियमों को तोड़ेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त कर लिया जाएगा.














