गोरखपुर जिला जेल से पॉक्सो एक्ट का आरोपी कैदी फरार, जेल प्रशासन में हड़कंप; जेलर समेत 5 सस्पेंड, अलर्ट जारी

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला कारागार से एक शातिर कैदी के फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने जेल सुरक्षा व्यवस्था के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध के मामले में निरुद्ध आरोपी विपिन कुमार शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में जेल की चारदीवारी फांदकर फरार हो गया। घटना का खुलासा होते ही जेल महकमे से लेकर जिला प्रशासन तक में हड़कंप मच गया। लापरवाही गाज गिरते ही डीजी जेल के निर्देश पर जेलर समेत पांच अधिकारियों व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

खेत में काम कराने के दौरान हुआ गायब, दोपहर 12 बजे हुई पुष्टि

जानकारी के अनुसार, बांसगांव थाना क्षेत्र के सरसोपार गांव का रहने वाला विपिन कुमार 18 जुलाई से अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में गोरखपुर जिला जेल में बंद था। शुक्रवार सुबह जेल परिसर के भीतर बने खेत में बंदियों से कृषि व सब्जी उगाने का काम कराया जा रहा था। विपिन भी अन्य कैदियों के साथ काम पर लगा था। काम खत्म होने के बाद जब बंदियों को वापस बैरक ले जाकर गिनती शुरू की गई तो विपिन नदारद मिला। इसके बाद पूरे परिसर में खोजबीन की गई और दोपहर करीब 12 बजे उसकी फरारी की आधिकारिक पुष्टि हुई।

पेड़ की डालियों के सहारे भागने की आशंका, CCTV खंगाल रही टीमें

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पुलिस बल के साथ तुरंत जिला कारागार पहुंचे। अधिकारियों ने घटना स्थल का मुआयना किया। डीएम दीपक मीणा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान परिसर में कुछ ऐसे पेड़ और उनकी डालियां पाई गई हैं, जिनके सहारे बाउंड्रीवॉल पार करने की संभावना जताई जा रही है। फरार कैदी की तलाश के लिए जेल के भीतर व बाहर लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

जेलर समेत 5 निलंबित, जेल अधीक्षक पर विभागीय जांच की संस्तुति

सुरक्षा में हुई इस अक्षम्य लापरवाही पर डीजी जेल पीसी मीना ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की प्राथमिक जांच के बाद जेलर अरुण कुमार, हेड जेल वार्डर ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव व रामजीत सिंह तथा जेल वार्डर जितेंद्र कुमार गौतम व जितेंद्र कुमार दुबे को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा जिला जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजी गई है।

पूरे जिले में अलर्ट, पुलिस और जीआरपी-आरपीएफ की टीमें दे रहीं दबिश

आरोपी के फरार होने के बाद पूरे जिले की पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। क्राइम ब्रांच, शाहपुर थाना, बांसगांव पुलिस के साथ-साथ जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) की विशेष टीमें गठित की गई हैं। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपी की घेराबंदी कर ली गई है और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha